ओपेक द्वारा अधिक उत्पादन की संभावना से कच्चे तेल में सुस्ती के संकेत - एसएमसी

ओपेक द्वारा अधिक उत्पादन किये जाने की संभावना से कच्चे तेल की कीमतों के नरमी के रुख के साथ सीमित दायरे में कारोबार करने की संभावना है।
लेकिन सामरिक तनाव के कारण कीमतों के कई वर्षो के उच्च स्तर पर रहने की संभावना है। एमसीएक्स में कीमतों को 4,900 रूपये के स्तर पर सहारा और 4,970 के स्तर तक बाधा रह सकती है। आज ईआईए के भंडार आँकड़ों में कमी से कीमतों को मदद मिल सकती है। अमेरिका द्वारा तेल की कीमतों में बढ़ोतरी पर चिंता व्यक्त किये जाने, वेनेजुएला के तेल उत्पादन में कमी और ईरान पर अमेरिकी प्रतिबंध को देखते हुए ओपेक जून तक तेल उत्पादन में बढ़ोतरी करने की संभावना से आज तेल की कीमतों में नरमी देखी जा रही है। विश्व बाजार में आज ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतें 15 सेंट की गिरावट के साथ 79.65 डॉलर और डब्ल्यूटीआई कच्चे तेल की कीमतें 10 सेंट की गिरावट के साथ 71.74 डॉलर के स्तर पर कारोबार कर रही है।
अमेरिका में गर्म मौसम के कारण नेचुरल गैस वायदा की कीमतों में तेजी बरकरार रहने की संभावना है और कीमतों के 200 रुपये के स्तर पर पहुँचने की उम्मीद है। अनुमान से अधिक तापमान की संभावना से अमेरिकी नेचुरल गैस वायदा की कीमतों में जनवरी के बाद सबसे अधिक उछाल दर्ज की गयी है। इसकी कीमतें तीन महीने से अधिक के उच्च स्तर पर पहुँच गयी हैं। (शेयर मंथन, 24 मई 2018)