अमेरिकी बाजार टूटा, डॉव जोंस 100 अंक लुढ़का

कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को अमेरिकी बाजार के तीनों प्रमुख सूचकांक कमजोरी के साथ बंद हुए।

अगस्त के बाद पहली बार डॉव जोंस और एसऐंडपी 500 में लगातार दूसरे सप्ताह में गिरावट आयी है। अमेरिका में कर सुधारों में लगातार होती देरी का काफी नकारात्मक प्रभाव बाजार पर पड़ रहा है। हालाँकि चालू वर्ष में कर सुधारों की ही उम्मीद के सहारे अमेरिकी बाजार ने काफी बढ़त भी हासिल की।
शुक्रवार को डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज (Dow Jones Industrial Average) 100.12 अंक या 0.43% की कमजोरी के साथ 23,358.24 पर बंद हुआ। वहीं नैस्डैक कंपोजिट (Nasdaq Composite) 10.5 अंक या 0.15% की गिरावट के साथ 6,782.79 पर बंद हुआ। साथ ही एसऐंडपी 500 (S&P 500) 6.79 अंक या 0.26% की कमजोरी के साथ 2,578.85 पर बंद हुआ। इसके अलावा अमेरिकी बाजार में कच्चे तेल का भाव 2.49% की मजबूती के साथ 56.55 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। दूसरी ओर कल यूरोपीय बाजार में भी कमजोरी दर्ज की गयी। (शेयर मंथन, 18 नवंबर 2017)