कमजोर वैश्विक संकेतों के कारण बाजार में भारी गिरावट

अमेरिकी तथा एशियाई बाजारों में आयी गिरावट से कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को भारतीय बाजार में भी कमजोर शुरुआत हुई है।

फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर में वृद्धि के संकेत दिये जाने और अमेरिका द्वारा उत्तर कोरिया पर और प्रतिबंध लगाये जाने का नकारात्मक असर वैश्विक बाजारों पर पड़ा रहा है। सुबह बीएसई सेंसेक्स (Sensex) ने गुरुवार के 32,370.04 के बंद स्तर की तुलना में 32,339.50 पर शुरुआत की। करीब 10 बजे यह 259.14 अंक या 0.80% की गिरावट के साथ 32,110.87 पर चल रहा है। वहीं एनएसई का निफ्टी 50 (Nifty 50) गिरावट के साथ 10,094.35 पर खुलने के बाद 88.40 अंक या 0.87% की कमजोरी के साथ 10,033.50 पर है। इस समय बाजार के छोटे-मंझोले सूचकांकों में गिरावट है। बीएसई मिडकैप में 1.06% और बीएसई स्मॉलकैप में 1.03% की कमजोरी है। साथ ही निफ्टी मिड 100 1.03% और निफ्टी स्मॉल 1.09% की कमजोरी दिखा रहा हैं।
इस समय सेंसेक्स के 31 दिग्गज शेयरों में से 06 शेयर हरे और 25 शेयर लाल निशान में हैं। सेंसेक्स के दिग्गज शेयरों में से सन फार्मा 0.92%, विप्रो 0.76%, मारुति 0.20% और सिप्ला 0.19% ऊपर हैं। वहीं गिरने वाले शेयरों में आईसीआईसीआई बैंक 2.05%, टाटा स्टील 1.82%, कोल इंडिया 1.66% और ऐक्सिस बैंक 1.51% नीचे चल रहे हैं। निफ्टी के 51 शेयरों में से इस समय 8 शेयरों में बढ़त है, जबकि 43 शेयर लाल निशान पर हैं। (शेयर मंथन, 22 सितंबर 2017)