रिलायंस जियो (Reliance Jio) के उपभोक्ताओं की संख्या 10 करोड़ के पार

reliance jio logo

रिलायंस जियो (Reliance Jio) के उपभोक्ताओं की संख्या केवल 170 दिनों में 10 करोड़ से अधिक हो गयी है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) के प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने मंगलवार को कहा केवल 170 दिनों में हमनें 10 करोड़ उपभोक्ताओं के आँकड़े को पार कर लिया है। उन्होंने इसे भारत और भारतीयों की उपलब्धि करार देते हुए बताया कि जियो नेटवर्क ने अपने पहले दिन से ही औसतन हर सेकेंड सात ग्राहकों को जोड़ा है। उन्होंने कहा रिलायंस जियो के शुरू होने से पहले भारत डेटा पेनिट्रेशन के मामले में 150वें स्थान पर था, मगर अब यह पहले स्थान पर है। जियो पूरी दुनिया में फेसबुक, व्हाट्सअप और स्काइप सहित सबसे तेजी से यह मुकाम हासिल करने वाली स्टार्ट-अप टेक्नोलॉजी कंपनी है। जियो के सहारे ही इसके उपभोक्ताओं ने 100 करोड़ गीगा बाइट (जीबी) डेटा का उपभोग किया, जिससे मोबाइल डेटा के प्रयोग के मामले में भी आज भारत दुनिया में पहले पायदान पर आ गया है। रिलायंस जियो की इस बेहतर खबर का रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भाव पर सकारात्मक असर पड़ा है। बीएसई में करीब 1 बजे रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 9.58% की मजबूती के साथ 1,192.50 रुपये पर है। आज इसने अपने 52 हफ्तों के शिखर (1,198.60 रुपये) को भी छू लिया है। (शेयर मंथन, 22 फरवरी 2017)