|
निफ्टी (Nifty) गिर कर 5,382 पर, सेंसेक्स (Sensex) 82 अंक नीचे |
|
|
|
|
Written by शेयर मंथन
|
|
Friday, 10 February 2012 16:06 |
|
कमजोर वैश्विक संकतों और औद्योगिक उत्पादन (IIP) के आँकड़ों की खबर के बीच भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों आज गिरावट के साथ बंद हुए।
निफ्टी (Nifty) 5,400 के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे चला गया। बीएसई सेंसेक्स (Sensex) 82 अंक यानी 0.46% की गिरावट के साथ 17,748 पर रहा। निफ्टी 30 अंक यानी 0.57% की कमजोरी के साथ 5,382 पर बंद हुआ। एनएसई के मँझोले सूचकांक सीएनएक्स मिडकैप में 0.05% की हल्की मजबूती रही। बीएसई मिडकैप सूचकांक में 0.11% और बीएसई स्मॉलकैप में 0.02% की कमजोरी रही। आज के कारोबार में रियल्टी और तेल-गैस क्षेत्र में सबसे ज्यादा बिकवाली का रुख रहा। एशियाई शेयर बाजारों में कमजोर संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सपाट हुई। शुरुआती कारोबार में बाजार हरे निशान पर एक सीमित दायरे में रहा। कारोबार के दूसरे घंटे में सेंसेक्स 17,890 और निफ्टी 5,428 तक चढ़ गये। लेकिन आईआईपी के खराब आँकड़ों की खबर के बीच बाजार बढ़त गँवा कर लाल निशान पर चला गया। दिसंबर 2011 में भारत का औद्योगिक उत्पादन (आईआईपी यानी इंडेक्स ऑफ इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन) 1.8% की दर से बढ़ा है। नवंबर महीने में आईआईपी बढ़ने की दर 5.9% थी। दोपहर के कारोबार में निफ्टी 5,400 के स्तर के नीचे चला गया। यूरोपीय शेयर बाजारों की कमजोर शुरुआत के खबर के बीच दोपहर बाद के कारोबार में बाजार की गिरावट बढ़ गयी। इस दौरान सेंसेक्स 17,627 और निफ्टी 5,341 तक नीचे चले गये। हालाँकि कारोबार के अंतिम घंटों में बाजार की गिरावट में कमी आयी। आखिरकार सेंसेक्स-निफ्टी आज के कारोबार के निचले स्तरों से काफी सँभल कर लाल निशान पर बंद हुए। क्षेत्रों के लिहाज से आज रियल्टी सूचकांक में सबसे ज्यादा 0.93% की गिरावट रही। तेल-गैस को 0.80%, हेल्थकेयर को 0.71% और बैंकिंग को 0.68% का घाटा सहना पड़ा। पावर में 0.41%, कैपिटल गुड्स में 0.27%, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.27%, आईटी में 0.26%, ऑटो में 0.23%, टीईसीके में 0.17% और एफएमसीजी में 0.16% की कमजोरी है। पीएसयू 0.02% की हल्की गिरावट के साथ सपाट रहा। दूसरी ओर, धातु को 0.58% का फायदा हुआ। (शेयर मंथन, 10 फरवरी 2012) |
|
Last Updated ( Friday, 10 February 2012 16:28 )
|