|
फरवरी वायदा सीरीज के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए।
निफ्टी (Nifty) ने 5,200 के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर लिया। बीएसई सेंसेक्स (Sensex) 157 अंक यानी 0.92% की मजबूती के साथ 17,234 पर रहा। निफ्टी (Nifty) 47 अंक यानी 0.90% की बढ़त के साथ 5,205 पर बंद हुआ। एनएसई के मँझोले सूचकांक सीएनएक्स मिडकैप में 0.55% की मजबूती रही। बीएसई मिडकैप सूचकांक में 0.66% और बीएसई स्मॉलकैप में 1.30% की मजबूती रही। आज के कारोबार में तेल-गैस और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स क्षेत्र में सबसे ज्यादा खरीदारी का रुख रहा। दूसरी ओर, रियल्टी और एफएमसीजी क्षेत्र में सबसे ज्यादा बिकवाली का रुख रहा। एशियाई शेयर बाजारों में सकारात्मक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। बाजार खुलते ही निफ्टी 5,200 के स्तर के ऊपर चला गया। लेकिन शुरुआती कारोबार में बाजार की तेजी में कमी आयी। निफ्टी 5,200 के स्तर के नीचे चला गया। खाने-पीने के चीजों की महँगाई दर में कमी आने के खबर के बीच बाजार ने दोपहर के कारोबार बढ़त की रफ्तार पकड़ ली। 14 जनवरी 2012 को खत्म हुए हफ्ते में खाने-पीने के चीजों की महँगाई दर -1.03% रही है। इससे पिछले हफ्ते में खाने-पीने की महँगाई दर -0.42% थी। यूरोपीय शेयर बाजारों से मिल रहे नकारात्मक संकेतों के बावजूद दोपहर के कारोबार में बाजार में मजबूती कायम रही। कारोबार के अंतिम घंटे में निफ्टी ने 5,200 के स्तर को पार कर लिया। इस दौरान सेंसेक्स 17,259 और निफ्टी 5,217 तक चढ़ गये। आखिरकार सेंसेक्स-निफ्टी आज के कारोबार के ऊपरी स्तर के आसपास बंद हुए। क्षेत्रों के लिहाज से आज तेल-गैस सूचकांक में सबसे ज्यादा 2.69% की तेजी रही। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स को 2.54%, टीईसीके को 2.02%, धातु को 1.89%, कैपिटल गुड्स को 1.82%, आईटी को 1.66% और ऑटो को 1.05% का फायदा हुआ। हेल्थकेयर में 0.45% और पीएसयू में 0.40% की मजबूती रही। दूसरी ओर, रियल्टी को 2.22% का घाटा सहना पड़ा। एफएमसीजी में 0.81%, बैंकिंग में 0.37% और पावर में 0.25% की की गिरावट रही। (शेयर मंथन, 27 जनवरी 2012) |