|

हमारे शेयर बाजार में इस समय मजबूती का रुझान लग रहा है, जिसमें निफ्टी (Nifty) 5250 तक जाने की संभावना लग रही है।
वहीं इसके 4780 से नीचे जाने की संभावना कम रहेगी। इस स्तर के आसपास खरीदारी करना बेहतर रहेगा। दरअसल इस समय बाजार में सारी बुरी खबरों का असर पहले ही दिख चुका था। चाहे औद्योगिक उत्पादन नकारात्मक होने की बात हो या रुपये में कमजोरी, राजनीतिक अस्थिरता, महँगाई वगैरह की बातें हों। अब इसके बाद और बुरी खबर बाकी क्या रही? इसलिए कोई बुरी खबर बाकी नहीं रहना भी अच्छी खबर है। अब सिंगल ब्रांड रिटेल में एफडीआई एक अच्छी खबर है। विधानसभा चुनावों के बाद सरकार आर्थिक सुधारों को तेजी से आगे बढ़ा सकती है। मेरा आकलन है कि उत्तर प्रदेश के चुनाव में 125-135 स्थान समाजवादी पार्टी को मिल सकते हैं, जबकि अजीत सिंह के राष्ट्रीय लोकदल दल और कांग्रेस को मिला कर 70-90 स्थान आ सकते हैं। इस तरह राष्ट्रीय लोकदल और कांग्रेस के समर्थन से समाजवादी पार्टी की सरकार बन सकती है। इस समीकरण के बनने से ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस पर यूपीए सरकार की निर्भरता खत्म हो जायेगी। लिहाजा यह उम्मीद है कि चुनाव के बाद सुधार पूरी रफ्तार से आगे बढ़ेंगे। इस समय सरकारी घाटा करीब 6% के स्तर पर आ गया है। इसमें अगर तेल कंपनियों का हिसाब भी जोड़ लें तो यह घाटा करीब 10% हो जाता है। इतने घाटे पर देश कैसे चलेगा? सुधारों पर आगे बढ़ना अब सरकार के लिए विकल्प नहीं मजबूरी है। कवी कुमार, कंट्री हेड, ग्लोब कैपिटल मार्केट (Kavee Kumar, Country Head, Globe Capital Market) (शेयर मंथन, 13 जनवरी 2012) |
|
Last Updated ( Friday, 13 January 2012 12:57 )
|