|
अभी मुझे बाजार ठीक ही लग रहा है और आज बाजार में जो थोड़ी सुस्ती है, वह कल वायदा सेट्लमेंट का दिन होने की वजह से है।
जो शेयर हाल में काफी चढ़े हैं, उनमें कुछ मुनाफावसूली हो रही है। वहीं आईटी क्षेत्र के शेयर और रिलायंस बाजार को संतुलित कर रहे हैं। हाल में बैंक शेयरों में काफी तेजी थी, जहाँ अब मुनाफावसूली हो रही है। इसी तरह हिंडाल्को, स्टरलाइट, टाटा स्टील वगैरह धातु शेयरों में भी यही हो रहा है। लेकिन यह नरमी एक मौका दे रही है इन शेयरों को निचले भावों पर खरीदने का। बाजार फिर ऊपर चढ़ेगा, क्योंकि विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की दिलचस्पी कायम है। बाजार मोटे तौर पर बजट तक ठीक लग रहा है। उसके बाद देखना होगा कि बजट कैसा आता है और सुधारों को लेकर सरकार क्या करती है। मसलन, बिजली क्षेत्र में सुधार पर नजर है। देखना होगा कि राज्य बिजली बोर्डों (एसईबी) को मजबूती देने के लिए क्या कदम उठाये जाते हैं। अभी बाजार का संवेग (मोमेंटम) काफी तेज है। किसी नरमी में निफ्टी 50-60 अंक नीचे आ जायेगा, लेकिन अभी बाजार में ज्यादा गिरावट की आशंका मुझे नहीं है। इस चाल में ऊपर 5650-5700 और उसके बाद 5800 का लक्ष्य बन रहा है। आरबीआई की ओर से मार्च में सीआरआर में कटौती और अप्रैल में ब्याज दरों में कमी की उम्मीद है। अगर बजट ठीक रहे और उसके बाद सरकार की ओर से सकारात्मक कदम उठाये जायें तो इस साल बाजार नये ऐतिहासिक शिखर भी छू सकता है। शायद दीवाली या दिसंबर तक ऐसा हो जाये। अभी तक जिन लोगों ने निवेश नहीं किया है, उन्हें मेरी सलाह होगी कि उन्हें जरूर निवेश करना चाहिए। जिन्होंने खरीदारी कर रखी है, उन्हें अपना निवेश बनाये रख कर इस तेजी का फायदा उठाना चाहिए। अगर उनके पास अतिरिक्त नकदी हो तो नया निवेश भी किया जा सकता है। के के मित्तल, पीएमएस प्रमुख, ग्लोब कैपिटल (K K Mital, Head - PMS, Globe Capital) (शेयर मंथन, 22 फरवरी 2012) |
|
Last Updated ( Wednesday, 22 February 2012 11:51 )
|