|
निफ्टी 5400 के ऊपर बंद हो तो नयी उछाल : राजेश अग्रवाल (Rajesh Agarwal) |
|
|
|
अभी मुझे बाजार ठीक ही लग रहा है और कोई बड़ी दिक्कत नहीं लग रही है, बशर्ते ग्रीस से कोई बुरी खबर न आ जाये।
जी 20 से भी कोई अच्छी खबर ही आने की उम्मीद है। जिस तरह ग्रीस में जनमत संग्रह के मुद्दे पर वहाँ के प्रधानमंत्री पर राजनीतिक दबाव पड़ा, उससे साफ है कि लोग समाधान चाहते हैं। यूरोप के देशों को ग्रीस को तो बचाना ही होगा, क्योंकि ऐसा नहीं करने पर इसका असर दूसरे देशों पर भी आयेगा। मुझे लगता है कि अगर निफ्टी 5400 के ऊपर बंद होने में सफल रहे तो बाजार और अच्छी स्थिति में आ जायेगा। इसके ऊपर जाने पर कम-से-कम 250 अंक तक की उछाल आ सकती है। तब यह 5650 तक भी जा सकता है। लोग पहले निफ्टी 4200-4400 तक गिरने की बात करने लगे थे। लेकिन मुझे नहीं लगता है कि आज की तारीख में वैसी कोई गिरावट आयेगी। अब बुरी स्थिति में भी इसके 5000 के नीचे जाने की आशंका नहीं लग रही है। हाल में खराब खबरों के आने पर भी यह 5200 के ऊपर टिका रहा। निफ्टी को अगर 5400 के ऊपर जाना है और 5650 के स्तर को छूना है, तो यह तभी होगा जब दिग्गज शेयरों में चाल आये। इसलिए बेहतर रणनीति यही है कि अभी रिलायंस, लार्सन एंड टुब्रो, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), टाटा मोटर्स जैसे दिग्गज शेयरों में बने रहें। मँझोले शेयरों में जाने पर संभव है कि आपको काफी अच्छा मुनाफा भी मिल जाये, लेकिन वहाँ काफी जोखिम भी रहेगा। अभी आर्थिक माहौल उतना भरोसेमंद और जोखिम से मुक्त नहीं है कि आप मँझोले शेयरों पर दाँव लगायें। अगर आप दिग्गज शेयरों में रहें तो खराब खबर से भी ज्यादा गिरावट नहीं आयेगी और वे जल्दी ही वापस सँभल भी जायेंगे। राजेश अग्रवाल, रिसर्च प्रमुख, ईस्टर्न फाइनेंशियर्स (Rajesh Agarwal, Head Research, Eastern Financiers) (शेयर मंथन, 04 नवंबर 2011) |
|
Last Updated ( Friday, 04 November 2011 12:01 )
|