|
निफ्टी 5550-5600 तक जाने की उम्मीद : अंबरीश बालिगा (Ambareesh Baliga) |
|
|
|
बाजार में पहले से एक नयी चाल आने की संभावना दिख रही थी और अब साफ है कि वह नयी चाल आ गयी है।
इस नयी चाल में निफ्टी 5550-5600 तक जाने की संभावना लगती है। वहीं नीचे की ओर अब 5200-5250 पर एक अच्छा सहारा रहेगा। मोटे तौर पर यह कह सकते हैं कि निफ्टी के लिए 5200-5600 का नया दायरा बन गया है। मुझे लगता है कि यह दायरा कुछ समय तक टिका रहेगा। बाजार ने ज्यादातर बुरी खबरों का असर पहले ही देख लिया है। इस समय बाजार में लोग काफी कम अपेक्षाएँ रख कर चल रहे हैं। ऐसे में जो भी अच्छी खबरें आयेंगी, वे बाजार को ऊपर ले जायेंगी। हमारी रणनीति अब भी यही है कि कोई भी गिरावट आये तो उसमें खरीदारी करें। जैसे किसी दिन निफ्टी में 80-100 अंक की गिरावट आये, या गिरावट वाले दिन जो शेयर ज्यादा सस्ते मिल रहे हों, उन्हें खरीदने के लिए चुना जा सकता है। मिसाल के तौर पर जब मारुति सुजुकी का शेयर हड़ताल के चलते गिरा था तो हमने 1100 के पास खरीदने की सलाह दी थी। लेकिन अब उसे 1250 के पास बेच कर मुनाफा लिया जा सकता है। इस तरह थोड़े ही दिनों में अच्छा मुनाफा मिल सकता है। वैसे ही अगर रिलायंस इंडस्ट्रीज को नीचे खरीदने की सलाह दी थी, लेकिन अगर इसमें 950 रुपये का भाव मिलेगा तो कुछ बेच लेना ठीक रहेगा। मोटे तौर पर निफ्टी जब 5550-5600 के पास जाये, तो वहाँ मुनाफावसूली की जा सकती है। यह ऐसा बाजार है, जिसमें केवल अपना निवेश बनाये रख (होल्ड) कर करके आप पैसा नहीं कमा सकते। उसी तरह केवल कारोबारी सौदे (ट्रेड) करने से भी पैसा नहीं बनेगा। इस बाजार में दोनों को मिला कर चलना पड़ेगा। इन दिनों बाजार अक्सर ही एक अंतराल (गैप) के साथ खुलता है, जिससे एक-दो दिन के सौदे करना मुश्किल हो जाता है। इसलिए बेहतर यही है कि निवेश के लिहाज से सस्ते भावों पर खरीद करके रखें, लेकिन कारोबारी लाभ के मौके मिलें तो उसका फायदा भी उठा लें। निवेश का जो लक्ष्य है, वह जल्दी मिल जाये तो मुनाफा ले कर निकल जायें। बाद में जब गिरावट आये तो फिर से खरीद लें। अंबरीश बालिगा, सीओओ, वे टू वेल्थ (Ambareesh Baliga, COO, Way2Wealth) (शेयर मंथन, 28 अक्टूबर 2011) |
|
Last Updated ( Friday, 28 October 2011 12:40 )
|