|
भारतीय शेयर बाजार बाधा के स्तर के नजदीक |
|
|
पशुपति सुब्रमण्यम, रिसर्च प्रमुख, वेंचुरा सिक्योरिटीज मेरे विचार में भारतीय शेयर बाजार बाधा के स्तर के नजदीक खड़े हैं।
यदि हम सेंसेक्स की बात करें, तो इसके लिए 11500-11600 के आसपास दबाव के हालात दिखायी पड़ रहे हैं, क्योंकि इन स्तरों पर खरीदारी आना मुश्किल है। एक तो विभिन्न कंपनियों के जनवरी-मार्च तिमाही के नतीजों का सिलसिला आरंभ हो गया है, दूसरी बात यह कि देश में लोकसभा चुनाव चल रहे हैं। इन दो बातों की वजह से हमारे शेयर बाजारों में भागीदारी का अभाव दिखने की संभावना है। जहाँ तक विभिन्न कंपनियों के नतीजों का सवाल है, इनके सपाट से हल्के नकारात्मक परिणाम बाजारों की भावना में शामिल हैं। यदि इसी तरह के नतीजे आये, तो इस दौरान सेंसेक्स के 11750-10900 के बीच रहने की संभावना है। यदि नतीजे इससे भी खराब आये, तो बाजारों में गिरावट आ सकती है। इन दिनों हमारे शेयर बाजारों में वायदा कारोबार में काफी भागीदारी आ रही है, लेकिन नकदी बाजार में ऐसे हालात नहीं है। यहाँ भागीदारी का स्तर काफी कम दिख रहा है। इन्फोसिस ने भविष्य के लिए अपने अनुमान कम किये हैं, लेकिन इसके बाद भी इस शेयर में आयी मजबूती के पीछे कोई बुनियादी बात मुझे नहीं दिख रही है। |