|
अब कुछ जमेगा, फिर तेजी से सँभलेगा बाजार |
|
|
आशीष कपूर, सीईओ, इन्वेस्ट शॉपे
भारतीय शेयर बाजार इन स्तरों के आसपास स्थिर होता दिख रहा है।
अगर वैश्विक स्तर पर कोई और झटका सामने न आये तो अगले कुछ कारोबारी सत्रों तक हमारा बाजार इन्हीं स्तरों के आसपास जमने की कोशिश करेगा। इसके बाद यह फिर से ऊपर बढ़ना शुरू कर सकता है। निफ्टी के वापस 5300 तक चढ़ने की रफ्तार बाजार में ज्यादातर लोगों के अनुमानों से ज्यादा तेज रह सकती है। आने वाला बजट वित्त मंत्री के लिए रस्सी पर चलने जैसा होगा। एक तरफ उन्हें बढ़ते वित्तीय घाटे को नियंत्रण में रखने के लिए सरकारी प्रोत्साहनों (स्टिमुलस) को हटाना होगा, लेकिन दूसरी ओर बाजार को खुश रखने वाली नीतियाँ बनानी होंगी जिससे विनिवेश की गाड़ी चलती रह सके। हालाँकि ज्यादातर घरेलू चिंताएँ, जैसे बढ़ती महँगाई दर, अतिरिक्त नकदी पर लगाम कसे जाने की संभावना और सरकारी प्रोत्साहनों को वापस लिया जाना बाजार के मौजूदा भावों में पहले ही शामिल हैं। एक बार फिर मूल्यांकन आकर्षक हो गये हैं। लंबी अवधि के निवेशकों के लिए यह उम्दा शेयरों को खरीदने का अच्छा मौका है। (शेयर मंथन, 09 फरवरी 2010) |
|
Last Updated ( Tuesday, 09 February 2010 09:50 )
|