|
अभी दायरे में ही है बाजार : अरविंद पृथी (Arvind Pruthi) |
|
|
|
मेरे हिसाब से अभी भारतीय शेयर बाजार एक दायरे के अंदर ही रहेगा, क्योंकि जब भी निफ्टी (Nifty) नीचे जाता है तो 4750-4780 के आसपास बिकवाली खत्म हो जाती है और खरीदारी आ जाती है।
इसलिए मैं बाजार को लेकर ज्यादा नकारात्मक राय नहीं रख रहा। दरअसल जितनी भी बुरी खबरें हैं, वे बाजार के मौजूदा भावों में शामिल होती जा रही हैं। लेकिन दूसरी ओर ऊपर चढ़ने की गुंजाइश भी ज्यादा नहीं है। मोटे तौर पर निफ्टी 4800-5250 के दायरे में है। हालाँकि अगर 4750-4730 के स्तर निर्णायक ढंग से टूटे तो किसी को पता नहीं कि उसके बाद की गिरावट कहाँ पर रुकेगी। लेकिन जब तक ऐसा नहीं होता, तब तक यह दायरा बना रहेगा। इस पूरे हफ्ते बाजार काफी ऊपर-नीचे होता रहा है। इतने उतार-चढ़ाव से निवेशकों को परेशानी होती है। इस समय निवेशकों को काफी चुनिंदा ढंग से निवेश करना होगा। मेरी सलाह रहेगी कि छोटे या मँझोले शेयरों से भी अभी दूर ही रहें, केवल दिग्गजों के साथ चलें। जब तक दिग्गज शेयरों में बड़ी तेजी नहीं आयेगी, तब तक छोटे-मँझोले शेयर चलेंगे ही नहीं। नया पैसा छोटे-मँझोले शेयरों में नहीं जाता। जब लोगों को दिग्गजों में फायदा हो रहा होता है, तभी वे उस पैसे को निकाल कर छोटे-मँझोले शेयरों में ले जाते हैं। अरविंद पृथी, वीपी, आईएफसीआई फाइनेंशियल सर्विसेज (Arvind Pruthi, VP, IFCI Financial Services) (शेयर मंथन, 21 अक्टूबर 2011) |
|
Last Updated ( Friday, 21 October 2011 10:56 )
|