|
बाजार में ज्यादा गिरावट की आशंका नहीं |
|
|
सिमी भौमिक, तकनीकी विश्लेषक
बाजार में अभी तेजी ही जारी है। निफ्टी 8 फरवरी को 4675 का निचला स्तर छूने के बाद धीरे-धीरे बढ़ कर पिछले हफ्ते 5300 के करीब तक चला गया।
इस दौरान सेंसेक्स में भी करीब 2000 अंक की तेजी रही। लेकिन अब बाजार में एक भ्रम की स्थिति नजर आ रही है। क्या बाजार यहाँ से वापस पलटने के संकेत दे रहा है? शायद अभी नहीं। कोई नतीजा निकालने से पहले मार्च खत्म होने का इंतजार करना चाहिए। उस समय तक ही संकेत साफ होंगे। मुझे लगता है कि बाजार में अब भी तेजी की कुछ और गुंजाइश है। अगर बाजार मौजूदा स्तरों से कुछ फिसलता भी है तो इसमें जल्दी ही तेजी लौटेगी और यह हाल की तेजी के ऊपरी स्तरों को पार कर जायेगा। कम-से-कम तकनीकी नजरिये से भारतीय बाजार में किसी बड़ी गिरावट के आसार नहीं दिख रहे हैं। डॉव जोंस, नैस्डेक कंपोजिट और अन्य प्रमुख यूरोपीय, एशियाई सूचकांकों में भी तेजी के रुझान हैं। सेंसेक्स को 17,250 और 17,100 पर अच्छा सहारा मिलेगा। इसके नीचे जाने पर सेंसेक्स 16,900 का स्तर भी तोड़ सकता है। लेकिन अगर वैसा होता है, तो भी यह लंबे समय तक वहाँ नहीं रुकेगा और जल्दी ही तेजी लौटेगी। ऊपर की ओर सेंसेक्स के लिए 17,500-17,600 का दायरा तोड़ना जरूरी है। इन बाधाओं को पार करने में सेंसेक्स को कुछ वक्त लग सकता है, जिसके बाद यह 18,000 का स्तर छूने की कोशिश करेगा। फिलहाल बाजार में तेजी के साथ चलें, लेकिन सावधानी बरतें। अगर ज्यादा गिरावट आती दिखे तो छोटी अवधि के खरीदारी सौदे काट दें। लेकिन हर गिरावट पर अपनी सुविधा के मुताबिक शेयर जमा (एकम्युलेट) किये जा सकते हैं, क्योंकि यह अनुमान लगाना मुश्किल होगा कि गिरावट कब खत्म होगी। (शेयर मंथन, 23 मार्च 2010) |
|
Last Updated ( Tuesday, 23 March 2010 10:31 )
|