|
रिलायंस इंडस्ट्रीज को 4851 करोड़ रुपये का मुनाफा |
|
|
|
देश की सबसे बड़ी निजी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के तिमाही नतीजे उम्मीद से बेहतर रहे हैं।
कंपनी ने कारोबारी साल 2010-11 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2010) में अपना शुद्ध मुनाफा 32.3% बढ़ा लिया है। कंपनी ने पिछले कारोबारी साल की पहली तिमाही के 3,666 करोड़ रुपये की तुलना में इस बार 4,851 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हासिल किया। कंपनी के कुल आमदनी में भी इजाफा हुआ है। इसकी कुल आय 31,896 करोड़ रुपये से बढ़ कर 58,950 करोड़ रुपये हो गयी, यानी इसमें 85% की बढ़त दर्ज हुई। कारोबारी साल 2010-11 की पहली तिमाही के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज के ईपीएस में भी बढ़ोतरी हुई है। इससे ठीक एक साल पहले की इसी तिमाही के 11.2 रुपये से बढ़ कर कंपनी का ईपीएस 14.8 रुपये पर आ गया है। 30 जून 2010 को खत्म तिमाही में कंपनी का ग्रास रिफाइनिंग मार्जिन (जीआरएम) 7.3 डॉलर/बैरल रहा जबकि 30 जून 2009 को खत्म तिमाही में इसका जीआरएम 7.5 डॉलर/बैरल रहा था। कंपनी के नतीजे बाजार बंद होने के बाद आये हैं। इसलिए पहली प्रतिक्रिया अब बुधवार को बाजार खुलने बाद ही दिखेगी। शेयर बाजार में आज के कारोबार में रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भाव में उतार-चढ़ाव का रुख रहा। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में आज कंपनी का शेयर 1.45 रुपये यानी 0.14% की बढ़त के साथ 1053.50 रुपये पर बंद हुआ। हालाँकि इससे पहले यह ऊपर की ओर 1061 रुपये तक और नीचे की ओर 1051.25 रुपये तक चला गया था। (शेयर मंथन, 27 जुलाई 2010) |
|
Last Updated ( Tuesday, 27 July 2010 18:34 )
|