|
निफ्टी (Nifty) 5200 तक फिसल सकता है |
|
|
एम बी सिंह, सीईओ, टेक्निकल ट्रेडर्स ऑफ इंडिया
बाजार इस समय काफी कमजोर लग रहा है और निफ्टी (Nifty) आज 5390-5440 के दायरे में रह सकता है।
दोपहर को जीडीपी (GDP) के आँकड़े भी आने वाले हैं। अगर जीडीपी के आँकड़े थोड़े से भी कमजोर रहे और यूरोप भी गिरावट के साथ खुला तो बाजार में कमजोरी बढ़ सकती है। मुझे लगता है कि निफ्टी (Nifty) के लिए 5390 का स्तर काफी अहम है। अगर यह स्तर निर्णायक तौर पर टूट जाता है तो बाजार में बड़ी गिरावट का खतरा बढ़ जायेगा। वैसे में मुझे लगता है कि निफ्टी (Nifty) 5200 तक फिसल सकता है। लेकिन बाजार में इन दिनों बिकवाली सौदे काफी हो रहे हैं। ऐसे में अगर निफ्टी (Nifty) निर्णायक तौर पर 5450 के ऊपर निकल जाये, तो बिकवालों की हिम्मत टूट सकती है और बिकवाली सौदे कटने (short covering) के सहारे निफ्टी 5600 की ओर बढ़ सकता है। वैसे मुझे बाजार में कमजोरी की आशंका ज्यादा लग रही है। दरअसल निफ्टी अगस्त में कई बार 5500 के ऊपर गया, लेकिन 5600 को छू नहीं पाया। दूसरे, एफआईआई (FII) की बिकवाली भी बाजार को परेशान करने लगी है। यह समय रक्षात्मक क्षेत्रों में निवेश का है। मुझे लगता है कि तेल-गैस (oil-gas) और फार्मा (pharma) क्षेत्रों में निवेश किया जा सकता है। ऑटो शेयरों में हीरो होंडा (Hero Honda) काफी कमजोर लग रहा है। वहीं रियल्टी (Realty), बैंकिंग (Banking) और आईटी (IT) शेयरों में भी कमजोरी रह सकती है। रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) में मुझे उम्मीद की कोई किरण नहीं नजर आ रही है। लंबे समय के निवेशकों के लिए तो यह ठीक है, लेकिन छोटी अवधि के निवेशकों को इससे निकल ही जाना चाहिए। साथ ही फ्यूचर में खरीदारी सौदे करने वालों को तो इससे तौबा ही कर लेनी चाहिए। मुझे लगता है कि अगर निफ्टी (Nifty) 5200 तक फिसला गया तो रिलायंस यहाँ से 200 रुपये नीचे जा सकता है। (शेयर मंथन, 31 अगस्त 2010) |
|
Last Updated ( Tuesday, 31 August 2010 09:55 )
|