|
अगस्त में 5550-5600 तक जा सकता है निफ्टी |
|
|
राम गुप्ता, प्रेसिडेंट, यूनिकॉन फाइनेंशियल सॉल्यूशंस
भारतीय बाजार आज भी एक दायरे में रहने की संभावना है और निफ्टी आज 5400-5470 के बीच रह सकता है।
मुझे लगता है कि निफ्टी 5470 के ऊपर जाने के बाद ही बाजार में कोई बड़ी चाल आयेगी। निफ्टी अगर इस बाधा को निर्णायक तौर पर पार कर लेता है तो मौजूदा सीरीज में ही यह 5550-5600 तक जा सकता है। वहीं नीचे की ओर 5380-5350 पर निफ्टी को अच्छा सहारा मिलेगा। लेकिन अगर यह स्तर टूटा तो निफ्टी के 5200 तक गिरने की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता। भारतीय बाजार बुनियादी तौर पर मजबूत है। दिग्गज शेयरों का मूल्यांकन भी अभी ठीक है। लेकिन इनमें बहुत तेजी की गुंजाइश बाकी नहीं है। बाजार को आगे ले जाने के लिए रिलायंस का चलना बहुत जरूरी है, जो अभी तक सुस्त पड़ा है। दरअसल रिलायंस इंडस्ट्रीज के ट्रेजरी शेयर बेचने की तैयारी की खबरें हैं, जिसकी वजह से इसमें दबाव बना हुआ है। पीएसयू बैंक, कंज्यूमर ड्यूरेबल और कृषि-संबंधी शेयरों में मुनाफे की गुंजाइश है। इनमें ट्रेडिंग के साथ लंबे समय के लिए भी निवेश किया जा सकता है। वहीं धातु और एडीए समूह के शेयर कमजोर लग रहे हैं। कैर्न इंडिया में लंबे समय के लिए निवेश करना ठीक रहेगा, लेकिन खुले प्रस्ताव (ओपन ऑफर) के हिसाब से इसे खरीदने का कोई खास फायदा नहीं है। दूसरी ओर छोटी अवधि में सेसा गोवा में गिरावट रह सकती है। अभी तक इस पर कोई कर्ज नहीं था, लेकिन कैर्न के लिए खुला प्रस्ताव लाने से कंपनी को कर्ज लेना पड़ेगा। दूसरी ओर कैर्न इंडिया में सेसा गोवा की इतनी बड़ी हिस्सेदारी भी नहीं होगी कि इसे उसका पूरा फायदा मिले। ऐसे में सेसा गोवा अभी तो कमजोर ही लग रहा है। (शेयर मंथन, 18 अगस्त 2010) |
|
Last Updated ( Wednesday, 18 August 2010 10:09 )
|