|
ऑटो
|
|
भारत की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स की स्थापना वर्ष 1945 में हुई थी।
टाटा मोटर्स की मैन्यूफैक्चरिंग इकाइयाँ जमशेदपुर, पंतनगर, अहमदाबाद, पुणे और लखनऊ में स्थित है। साथ ही अर्जेंटीना, दक्षिण अफ्रीका और थाईलैंड में भी इसकी उत्पादन इकाइयाँ हैं। देश भर में फैले विशाल डीलरशिप नेटवर्क वाले टाटा मोटर्स में 23 हजार से अधिक कर्मचारी काम करते हैं। टाटा मोटर्स न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध होने वाली देश की पहली इंजीनियरिंग कंपनी है। वर्ष 2004 में कंपनी ने कोरिया की दूसरी सबसे बड़ी ट्रक कंपनी डेवू कॉमर्शियल का अधिग्रहण किया और इसका नाम बदलकर टाटा डेवू कॉमर्शियल रख दिया। साल 2006 में टाटा मोटर्स ने जगुआर और लैंडरोवर को खरीदा। टाटा मोटर्स के व्यावसायिक और यात्री वाहनों की यूरोप, अफ्रीका, मध्य पूर्व, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण पूर्व एशिया और दक्षिण एशिया में बिक्री की जाती है। कंपनी के प्रमुख ब्रांड की कारों में इंडिका वी-2, इंडिका वी-2 टर्बो, इंडिगो, इंडिगो मरीना, फिएट आदि शामिल हैं। जबकि युटिलिटी वाहनों में सफारी और सुमो प्रमुख है। टाटा मोटर्स ने दुनिया की सबसे सस्ती कार ‘नैनो’ को पेश कर छोटी कारों के बाजार में क्रांति ला दी है। कारोबारी साल 2008-09 में कंपनी को 25660.9 करोड़ रुपये आय हुई है, जो पिछले साल के मुकाबले 10.7% कम है। इस दौरान कंपनी का शुद्ध लाभ 51% गिर कर 1,001 करोड़ रुपये रहा। कारोबारी साल 2008-09 में कंपनी ने कुल 5,06,421 वाहन बेचे और इसकी बिक्री में 13.53% की गिरावट देखी गयी। |
|
Last Updated ( Saturday, 04 July 2009 13:38 )
|