|
शेयर बाजार
|
राजीव रंजन झा
कल फिर निफ्टी की उछाल बाजार की उम्मीदों से कुछ ज्यादा ही रही।
हालाँकि यह कह सकते हैं कि कल बाकी एशियाई बाजारों में भी इसी तरह की अच्छी तेजी रही और भारतीय बाजार पूरे एशियाई समूह के साथ ही चला। खैर, कल की बढ़त के साथ निफ्टी 4233 पर है और हाल की गिरावट के बाद जिस हद तक वापस उछाल आने की संभावना जतायी जा रही थी, उसके लगभग चरम पर है। दिलचस्प बात यह रही कि कल निफ्टी का सबसे ऊपरी स्तर ठीक 4250 का रहा, जिसे तकनीकी नजरिये से इस वापस उछाल का अधिकतम लक्ष्य भी माना जा रहा था। लोग तो मान रहे थे कि गाड़ी 4150-4200 के आसपास से ही लौट जायेगी। तो क्या आज गाड़ी यहाँ अटकेगी? अगर पिछले 2 दिनों की मजबूती केवल वापस उछाल भर थी तो गाड़ी को यहाँ रुकना ही होगा। लेकिन आज जिस तरह के अंतरराष्ट्रीय संकेत हैं, उनसे तो यही लगता है कि शुरुआती कारोबार में ही निफ्टी 4250 से ऊपर निकल जायेगा। सिंगापुर निफ्टी तो आज सुबह 4300 के ऊपर ही दिख रहा है। जिस तरह कल 4150-4200 के स्तरों पर बिकवाली का कोई दबाव नहीं बना, उससे तो यही लगता है कि पिछले 2 दिनों की मजबूती महज वापस उछाल नहीं है। लेकिन आज सुबह के कारोबार से ज्यादा महत्वपूर्ण दोपहर बाद का कारोबार होगा। अगर आज निफ्टी 4250 के ऊपर बंद होने में सफल रहता है तो बाजार वापस उछाल की धारणा को नकार देगा। तब इस बात की संभावना काफी मजबूत दिखेगी कि निफ्टी हाल के ऊपरी स्तरों को फिर से छूने की कोशिश कर सकता है, यानी फिर से 4650-4700 के स्तरों की ओर बढ़ सकता है। दूसरी ओर, अगर आज बिकवाली का दबाव उभरता है तो हमें वापस उछाल की सोच को कुछ और समय देना होगा। इस तरह यह उलझन तब तक बनी रहेगी, जब तक निफ्टी 4000-4300 के बीच फंसा रहता है। इस लिहाज से आज सुबह के कारोबार में हम उलझन वाले इस दायरे के चरम की ओर होंगे। आज के कारोबार में विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के रुख पर भी नजर रखनी होगी। लगातार बिकवाली के दौर के बाद पिछले 2 दिनों में उनकी खरीद-बिक्री के आँकड़े सकारात्मक रहे हैं। हालाँकि दूसरी ओर घरेलू संस्थाओं ने अपनी शुद्ध खरीदारी बंद नहीं की है। अगर आज भी एफआईआई खरीदारी दिखती है तो यह बाजार के लिए एक और सकारात्मक संकेत होगा। (शेयर मंथन, 16 जुलाई 2009) |
|
Last Updated ( Thursday, 16 July 2009 09:54 )
|