|
शेयर बाजार
|
|
बेरोजगारी भत्ते का दावा करने वालों की संख्या में कमी की खबरों से अमेरिकी शेयर बाजारों में गुरुवार को लगातार पाँचवे दिन तेजी रही।
अमेरिकी वाणिज्य विभाग की एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक पिछले हफ्ते बेरोजगारी भत्ते का दावा करने वालों की संख्या 28000 घटकर 4.52 लाख रह गयी। अर्थव्यवस्था की सेहत से जुड़ी इस अच्छी खबर से अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ खुला और दिन भर हरियाली कायम रही। अंत में डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज में 53 अंक यानी 0.5% की मजबूती रही। नैस्डेक कंपोजिट में 0.7% और एसएंडपी 500 में 0.5% की तेजी रही। गुरुवार की इस तेजी से डॉव जोंस और एसएंडपी 500 अब 2009 के नये सबसे ऊँचे स्तर पर आ गये हैं। नैस्डेक कंपोजिट भी 3 सितंबर 2008 के बाद के अपने सबसे ऊँचे स्तर पर पहुँच गया है। क्रिसमस की छुट्टी के के चलते अमेरिकी बाजार गुरुवार को सामान्य समय से 3 घंटे पहले ही बंद हो गये। अमेरिकी बाजार अब सीधे सोमवार को खुलेंगे। पूरे हफ्ते की बात की जाये तो नैस्डेक में सबसे ज्यादा 3.4% की बढ़त रही। डॉव जोंस में 1.9% और एसएंडपी 500 में 2.2% की बढ़त रही। वहीं साल 2009 में डॉव जोंस अब तक 19% बढ़ चुका है। नैस्डेक में सबसे ज्यादा 44% की उछाल रही है। एसएंडपी 500 में 24% की तेजी रही है। कच्चे तेल में तेजी का सिलसिला जारी है। नाइमेक्स पर कच्चा तेल 58 सेंट चढ़कर 77.25 डॉलर प्रति बैरल पर पहुँच गया। कॉमेक्स पर सोना 10 डॉलर उछल कर 1104 डॉलर प्रति औंस पर रहा। (शेयर मंथन, 25 दिसंबर 2009) |