|
भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक उतार-चढ़ाव के बाद बढ़त दर्ज करने में कामयाब रहे।
आज के कारोबार में सेंसेक्स ने 18,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर लिया, लेकिन इस स्तर पर टिके रहने में सफल न हो सका। बीएसई सेंसेक्स 29 अंक यानी 0.16% की मजबूती के साथ 17,970 पर रहा। निफ्टी 9 अंक यानी 0.16% की बढ़त के साथ 5,375 पर बंद हुआ। एनएसई के मँझोले सूचकांक सीएनएक्स मिडकैप में 0.44% की मजबूती आयी। बीएसई मिडकैप सूचकांक में 0.52% और बीएसई स्मॉलकैप में 0.70% की बढ़त रही। एशियाई शेयर बाजारों से मिले सकारात्मक रुख के मद्देनजर आज सुबह भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ खुले। बाजार खुलने के कुछ मिनटों के अंदर ही सेंसेक्स ने 18,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर लिया। फरवरी 2008 के बाद आज पहली बार सेंसेक्स इस स्तर के ऊपर पहुँचा। लेकिन यह कुछ ही देर के बाद ही इस स्तर से नीचे फिसल गया। फिर बाजार में सीमित दायरे में कारोबार होता रहा। दोपहर के कारोबार में बाजार में बढ़त की रफ्तार में तेजी आ गयी। सेंसेक्स ने 18,000 के स्तर को फिर पार कर लिया और यह 18,048 तक चढ़ गया। निफ्टी भी 5,400 के मनोवैज्ञानिक स्तर के करीब पहुँच गया। लेकिन बाजार में यह तेजी ज्यादा देर तक टिकी न रह सकी और सेंसेक्स-निफ्टी बढ़त गवाँ कर लाल निशान पर चले गये। दोपहर बाद के कारोबार में दोनों सूचकांकों में उतार-चढ़ाव चलता रहा। आज के कारोबार में सेंसेक्स 17,878 और निफ्टी 5,345 तक नीचे चले गये। कारोबार के अंतिम घंटे में सेंसेक्स-निफ्टी ने वापसी की और हरे निशान पर आ गये। आखिरकार सेंसेक्स-निफ्टी मामूली तेजी के साथ बंद हुए। क्षेत्रों के लिहाज से बीएसई के बैंकिंग, धातु, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, आईटी और कैपिटल गुड्स सूचकांक को छोड़कर अन्य सभी सूचकांकों में तेजी का रुख रहा। सबसे ज्यादा कमजोरी ऑटो सूचकांक में रही। यह सूचकांक 1.1% ऊपर चढ़ा। तेल-गैस सूचकांक को 0.76%, रियल्टी सूचकांक को 0.70%, पावर सूचकांक को 0.64%, पीएसयू सूचकांक को 0.42% और एफएमसीजी सूचकांक को 0.39% का फायदा हुआ। टीईसीके सूचकांक में 0.29% और हेल्थकेयर सूचकांक में 0.09% की मामूली मजबूती आयी। दूसरी ओर, बैंकिंग सूचकांक को 0.40%, धातु सूचकांक को 0.13% और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सूचकांक को 0.11% का घाटा सहना पड़ा। आईटी सूचकांक में 0.07% और कैपिटल गुड्स सूचकांक में 0.01% की हल्की गिरावट रही। सेंसेक्स के 19 शेयरों को आज फायदा हुआ, जबकि 11 शेयरों को नुकसान उठाना पड़ा। ग्रासिम इंडस्ट्रीज को 2.7%, टाटा मोटर्स को 2.4%, एसीसी को 2.4%, रिलायंस इन्फ्रा को 1.9%, मारुति सुजुकी को 1.7%, भारती एयरटेल को 1.4%, आईटीसी को 1.3% और डीएलएफ को 1.2% का फायदा हुआ। एनटीपीसी में 0.86%, टाटा पावर में 0.76%, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 0.70%, टीसीएस में 0.48%, हीरो होंडा में 0.37% और रिलायंस कम्युनिकेशंस में 0.31% की तेजी रही। बीएचईएल, एचडीएफसी बैंक, स्टरलाइट इंडस्ट्रीज, विप्रो और ओएनजीसी के शेयर में भी हल्की मजबूती रही। दूसरी ओर, हिंदुस्तान यूनिलीवर को 2%, सन फार्मा को 1.6%, आईसीआईसीआई बैंक को 1.1% और जयप्रकाश एसोसिएट्स में 1% का घाटा सहना पड़ा। महिंद्रा एंड महिंद्रा में 0.80%, एचडीएफसी में 0.67%, एसबीआई में 0.55% और लार्सन एंड टुब्रो में 0.33% की कमजोरी रही। इन्फोसिस, टाटा स्टील और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर में भी हल्की गिरावट दर्ज की गयी। बाजार आज दोपहर 2:30 बजे भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में दोपहर बाद के कारोबार में गिरावट का रुख दिख रहा है। दोपहर 2:30 बजे बीएसई सेंसेक्स 59 अंक की कमजोरी के साथ 17,882 पर है। निफ्टी 20 अंक की गिरावट के साथ 5,346 पर है। एनएसई के मँझोले सूचकांक सीएनएक्स मिडकैप सपाट है। बीएसई मिडकैप सूचकांक में 0.03% की कमजोरी है, जबकि बीएसई स्मॉलकैप में 0.17% की बढ़त है। क्षेत्रों के लिहाज से बीएसई के ऑटो, तेल-गैस, पावर और पीएसयू सूचकांक को छोड़कर अन्य सभी सूचकांकों में गिरावट का रुख दिख रहा है। सबसे ज्यादा कमजोरी आईटी सूचकांक में दिख रही है। यह सूचकांक 0.83% नीचे है। बाजार आज सुबह 9:10 बजे एशियाई शेयर बाजारों से मिले सकारात्मक रुख के मद्देनजर आज सुबह भारतीय शेयर बाजार में तेजी नजर आ रही है। बाजार खुलने के कुछ मिनटों के अंदर ही सेंसेक्स ने 18,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर लिया। फरवरी 2008 के बाद आज पहली बार सेंसेक्स इस स्तर के ऊपर पहुँचा। लेकिन यह इस स्तर पर टिका न रह सका। सुबह 9:10 बजे बीएसई सेंसेक्स 30 अंक की मजबूती के साथ 17,971 पर है। निफ्टी 9 अंक की बढ़त के साथ 5,375 पर है। एनएसई के मँझोले सूचकांक सीएनएक्स मिडकैप में 0.53% की मजबूती दिख रही है। बीएसई मिडकैप सूचकांक में 0.64% और बीएसई स्मॉलकैप में 0.73% की बढ़त है। क्षेत्रों के लिहाज से बीएसई के आईटी और टीईसीके सूचकांक को छोड़कर अन्य सभी सूचकांकों में तेजी का रुख दिख रहा है। सबसे ज्यादा तेजी रियल्टी सूचकांक में दिख रही है। यह सूचकांक 0.96% ऊपर है। सेंसेक्स के 20 शेयरों में मजबूती का रुख है, जबकि 10 शेयरों में कमजोरी दिख रही है। सबसे ज्यादा बढ़त डीएलएफ में दिख रही है। इसके शेयर में 1.1% की तेजी है। (शेयर मंथन, 07 अप्रैल 2010) |