|
शेयर बाजार
|
|
राष्ट्रपति बराक ओबामा के 350 अरब डॉलर के नये राहत पैकेज के औपचारिक ऐलान से अमेरिकी बाजार में कल तेजी रही।
राहत पैकेज के ऐलान से अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ खुले और बाजार पूरे सत्र के दौरान हरे निशान में रहा। टेक्नोलॉजी शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी दिखी। फिच (Fitch) के रेटिंग बढ़ाने से ब्रिटिश पेट्रोलियम (BP) के शेयर में 3% से ज्यादा की तेजी रही। डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेजेज (Dow Jones Industrial Average) में 46 अंक यानी 0.45% की तेजी रही और यह 10,387 पर आ गया। एसएंडपी 500 (S&P 500) 7 अंक यानी 0.64% की बढ़त के साथ 1,099 पर रहा। नैस्डैक कंपोजिट (Nasdaq Composite) 20 अंक यानी 0.9% उछलकर 2,229 पर आ गया। राष्ट्रपति बराक ओबामा ने रोजगार बढ़ाने के लिए 350 अरब डॉलर के नये राहत पैकेज का ऐलान किया है। सरकार ने प्लांट (Plant) और उपकरणों (Equipment) के निवेश पर 200 अरब डॉलर का टैक्स छूट देगी। साथ ही शोध एवं विकास (Research and Development) पर 100 करोड़ डॉलर का अतिरिक्त टैक्स छूट देगी। वहीं 50 अरब डॉलर देश में सड़क, रेलमार्ग और अन्य बुनियादी ढाँचे के विकास में खर्च किए जायेंगे। कच्चे तेल की कीमतों में हल्की बढ़त रही। नाइमेक्स (NYMEX) पर कच्चा तेल 41 सेंट डॉलर बढ़कर 74.67 डॉलर प्रति बैरल का हो गया। कॉमेक्स (COMEX) पर सोना 1.80 डॉलर की गिरावट के साथ 1257.50 डॉलर प्रति औंस का हो गया। (शेयर मंथन, 09 सितंबर 2010) |
|
Last Updated ( Thursday, 09 September 2010 08:08 )
|