|
कंपनियों की सुर्खियाँ
|
|
ऑटो क्षेत्र की दिग्गज कंपनी टाटा मोटर्स (Tata Motors) अपनी लखटकिया कार "नैनो" (Nano) की घटती बिक्री से काफी चिंतित नजर आ रही है।
कंपनी ने इस कार की बिक्री को बढ़ाने के लिए हैपीनेस स्कीम लांच की है। इस स्कीम के तहत “नैनो” के फायदे गिनाये गये हैं। यह कार अब 4 वर्ष या 60,000 किलोमीटर की विनिर्माण वारंटी के साथ आयेगी। इसके लिए अतिरिक्त कीमत नहीं वसूली जायेगी। वारंटी की यह अवधि मौजूदा कार ग्राहकों पर भी लागू होगी। नैनो के लिए सस्ती दरों पर 90% ऋण का प्रस्ताव दिया जायेगा। इसके अलावा नैनो के तमाम खरीदार महज 99 रुपये प्रति महीने की लागत पर रखरखाव अनुबंध का फायदा उठा सकते हैं। गौरतलब है कि हाल में कई राज्यों में नैनो की खुली बिक्री का ऐलान करने के बावजूद टाटा मोटर्स को नैनो की बिक्री में तगड़ा झटका लगा है। कंपनी की नैनो कार की बिक्री में 85% की कमी आयी है। इस साल नवंबर में कंपनी केवल 509 नैनो बेच सकी। शेयर बाजार में आज के कारोबार में टाटा मोटर्स के शेयर भाव में गिरावट का रुख रहा। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में कंपनी का शेयर 62.90 रुपये यानी 4.71% की कमजोरी के साथ 1272.30 रुपये पर बंद हुआ। (शेयर मंथन, 08 दिसंबर 2010) |
|
Last Updated ( Thursday, 09 December 2010 17:29 )
|