|
कंपनियों की सुर्खियाँ
|
|
अगस्त महीना भी टाटा मोटर्स के लिये अच्छा रहा है। इस दौरान कंपनी ने 49,810 गाड़ियां बेचीं, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 14% अधिक है।
इसके पहले जुलाई में कंपनी की बिक्री में साल-दर-साल 18% का इजाफा हुआ था। अगस्त में व्यावसायिक वाहनों की बिक्री अच्छी रही है और यह पिछले साल के 23,231 गाड़ियों से 28% बढ़ कर 29,762 हो गयी है। इसी तरह यात्री कार श्रेणी में कंपनी की बिक्री 26% बढ़ी है। इसमें फिएट की बिक्री भी शामिल है। टाटा मोटर्स ने अगस्त में 2,501 नैनो बेची है। इस दौरान इंडिगो और एसयूवी को छोड़कर अन्य मॉडलों की बिकी बढ़ी है। इंडिगो की बिक्री में 41% की तेज गिरावट आयी है। वहीं एसयूवी श्रेणी में बिक्री 22% घटी है। अगस्त में टाटा मोटर्स के निर्यात में 44% की भारी कमी आयी है। पिछले साल अगस्त में कंपनी ने 4,772 गाड़ियाँ निर्यात की थीं, जबकि इस बार यह केवल 2,684 गाड़ियों का ही निर्यात कर सकी। कंपनी ने जगुआर और लैंडरोवर गाड़ियों की बिक्री के आँकड़े नहीं दिये हैं। लेकिन कंपनी का दावा है कि इनकी बिक्री अच्छी रही है। कंपनी का इरादा सितंबर में फ्रीलैंडर 2 मॉडल बाजार में उतारने का है। (शेयर मंथन, 02 सितंबर 2009)
|
|
Last Updated ( Wednesday, 02 September 2009 08:14 )
|