|
News -
शेयर बाजार
|
|
2जी स्पेक्ट्रम (2G Spectrum) घोटाले में टेलीकॉम कंपनियों के लाइसेंस रद्द होने की खबर के बावजूद भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए।
बीएसई सेंसेक्स (Sensex) 132 अंक यानी 0.76% की मजबूती के साथ 17,432 पर रहा। निफ्टी (Nifty) 34 अंक यानी 0.65% की बढ़त के साथ 5,270 पर बंद हुआ। एनएसई के मँझोले सूचकांक सीएनएक्स मिडकैप में 0.52% की मजबूती रही। बीएसई मिडकैप सूचकांक में 0.55% और बीएसई स्मॉलकैप में 0.55% की बढ़त रही। आज के कारोबार में टीईसीके और आईटी क्षेत्र में सबसे ज्यादा खरीदारी का रुख रहा। एशियाई शेयर बाजारों में सकारात्मक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों की शुरुआत मजबूती के साथ हुई। कारोबार के दूसरे घंटे में सेंसेक्स 17,504 और निफ्टी 5,290 तक चढ़ गया। लेकिन कारोबार के तीसरे घंटे में बाजार की बढ़त में कमी आयी और कुछ देर के लिए निफ्टी लाल निशान पर चला गया। इस दौरान सेंसेक्स 17,308 और निफ्टी 5,226 तक नीचे चला गया। हालाँकि दोपहर के कारोबार में बाजार की बढ़त में इजाफा हुआ। यूरोपीय शेयर बाजारों में मिले-जुले संकेतों के बीच दोपहर बाद के कारोबार में बाजार की बढ़त कायम रही। आखिरकार सेंसेक्स-निफ्टी बढ़त के साथ बंद हुए। क्षेत्रों के लिहाज से आज टीईसीके सूचकांक में सबसे ज्यादा 2.08% की तेजी रही। आईटी को 1.53%, धातु को 1.40%, कैपिटल गुड्स को 1.35% और रियल्टी को 1.25% का फायदा हुआ। पावर में 0.96%, पीएसयू में 0.81%, बैंकिंग में 0.46%, तेल-गैस में 0.36% और ऑटो में 0.26% की बढ़त रही। दूसरी ओर, हेल्थकेयर को 0.62% का घाटा सहना पड़ा। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.38% और एफएमसीजी में 0.26% की गिरावट रही। (शेयर मंथन, 02 फरवरी 2012) |
|
Last Updated ( Thursday, 02 February 2012 17:07 )
|