Home राग बाजारी अगली बड़ी चाल से पहले बाजार छकायेगा जम कर
Banner
Banner
Banner
 
Banner
अगली बड़ी चाल से पहले बाजार छकायेगा जम कर Print E-mail

राजीव रंजन झा : जनवरी की शुरुआत में ही जब निफ्टी 4600-4800 के दायरे में था और 4200-4300 तक गिरावट का डर सता रहा था, तब मैंने 5200 का लक्ष्य सामने रखा था।

अभी 27 जनवरी को निफ्टी ने 5217 का ऊँचा स्तर बनाया। यह स्तर आने से ठीक पहले बुधवार की सुबह मैंने सावधान किया था कि "बड़ी बाधाएँ अब बस 100 अंक के फासले पर हैं।" शुक्रवार की सुबह मैंने फिर लिखा कि "निफ्टी 200 दिनों के सिंपल मूविंग एवरेज (एसएमए) के काफी करीब है। यह नवंबर 2010 से अब तक के बड़े शिखरों को मिलाती रुझान रेखा के भी करीब आ चुका है।"
ऐसा नहीं है कि ये बड़ी बाधाएँ केवल मेरी नजर में थीं। पूरा बाजार इनके बारे में जानता है। लेकिन जब शुक्रवार को निफ्टी का बंद स्तर 200 दिनों के एसएमए के ठीक पास 5205 पर रहा, तो बाजार ने जल्दी ही 5300-5350 जैसे स्तरों की उम्मीदें लगा लीं। ध्यान दें कि जनवरी में आयी पूरी तेजी बाजार में अविश्वास के बीच चली। लेकिन जैसे ही बाजार में लोगों ने ऊपरी स्तरों की उम्मीदें करनी शुरू कर दीं तो बाजार पलट गया।
इसमें न तो चौंकने की जरूरत है, न खीझने की। बाजार ऐसे ही छकाता है। इसीलिए मैं बीते दिनों सावधान करता रहा कि जब भी बाजार 5100-5200 के दायरे में आयेगा तो वहाँ छकायेगा। बाजार इसलिए छका रहा है कि उसे यहाँ अपनी अगली दिशा तय करनी है। अगर सबको पहले से पता रहा कि उसकी अगली दिशा किधर है, तब तो सारे ही लोग जीत जायेंगे। इस खेल में ऐसा भी कहीं होता है क्या!
निफ्टी ने बीते हफ्ते शुक्रवार को नवंबर 2010 से अब तक चल रही गिरती पट्टी की ऊपरी रेखा को छू लिया। साथ ही इसने 200 दिनों के एसएमए को भी छू लिया। दरअसल सितंबर 2011 से ही ये दोनों रेखाएँ लगभग साथ-साथ चल रही हैं। तकनीकी विश्लेषण का मेरे जैसा नौसिखिया भी बड़े भरोसे से कह सकता है कि 200 दिनों का एसएमए काफी बड़ी बाधा है जिसे पार करना आसान नहीं होता। और अगर यह पार हो जाये तो मंदी खत्म मान ली जाती है। साथ में जिस गिरती पट्टी का जिक्र है, वह बीते सवा साल से बाजार को नीचे धकेलती रही है। इसकी ऊपरी रेखा ने नवंबर 2010 में बने शिखर के बाद निफ्टी का रास्ता 2011 में जनवरी, अप्रैल और जुलाई में रोका। फिर अक्टूबर में भी निफ्टी का 5400 का शिखर इस रेखा के ही ठीक नीचे और बिल्कुल 200 दिनों के एसएमए पर बना। अब एक बार फिर अक्टूबर 2011 वाली ही स्थिति दिख रही है।
अक्टूबर 2011 में निफ्टी 50 और 100 दिनों के एसएमए को पार करके 200 दिनों के एसएमए तक गया और ठीक वहीं से पलट गया। इस बार भी निफ्टी ने 50 और और 100 दिनों के एसएमए को पार किया और बिल्कुल 200 दिनों के एसएमए को छू कर अभी पलटा है। तो क्या वही कहानी फिर से दोहरायी जा रही है? ऐसा हम तभी कह सकेंगे, जब निफ्टी फिर से नीचे लुढ़क कर 100 और 50 दिनों के एसएमए को तोड़ दे।
लेकिन ये दोनों स्तर अभी काफी गहराई में हैं। अभी 100 दिनों का एसएमए 4952 पर और 50 दिनों का एसएमए 4838 पर है। इसलिए बाजार पलटने का ऐसा संकेत पकड़ना होगा, जो थोड़ा और पहले सावधान करे। मेरी मानें तो 20 और 10 दिनों के एसएमए पर नजर रखें। अगर 10 दिनों का एसएमए (अभी 5049) कट जाये तो बाजार पलटने का आधा संकेत मान लें। अगर 20 दिनों का एसएमए (अभी 4915) भी कट जाये तो यह तेजी खत्म मान लें। याद रखें कि ये दैनिक चार्ट के एसएमए स्तर हैं और हर दिन इनके स्तर बदलते हैं।
अगर हाल की तलहटी 4531 से शुक्रवार के ऊपरी स्तर 5217 तक की उछाल की वापसी देखें तो 23.6% वापसी 5055 पर और 38.2% वापसी 4955 पर है। लिहाजा मोटे तौर पर कह सकते हैं कि 5050 का स्तर जब तक न टूटे, तब तक बाजार के और ऊपर जाने की गुंजाइश बाकी रहेगी। अगर ऊपर 5217 पार किये बिना निफ्टी ने 4955-4915 का दायरा भी तोड़ दिया तो बाजार में एक और गहरी गिरावट का खतरा बन जायेगा।
क्या अभी ऐसी संभावना नहीं बनती कि निफ्टी 200 दिनों के एसएमए और इस पट्टी की ऊपरी रेखा को भी पार करके इनके ऊपर निकल जाये? जरूर बनती है। लेकिन ऐसा होने पर इस बात को लेकर सावधान रहना होगा कि बाजार कहीं छका तो नहीं रहा। मुझे तो लगता है कि इन दोनों बड़ी बाधाओं से पलटने या इनको पार करते समय निफ्टी इनके 100 अंक ऊपर-नीचे जरूर छकायेगा। जब तक निफ्टी 5400 के भी ऊपर न निकले, तब तक मुझे भरोसा नहीं होगा कि ये बाधाएँ कट गयी हैं। अगर इसे इन बाधाओं को वाकई पार करना है, तो उससे पहले बाजार में गिरावट का डर भी पैदा होगा। और अगर इसे इन बाधाओं को पार नहीं करना है तो बाजार में कुछ समय के लिए उत्साह जरूर बनेगा। पता नहीं हमने बीते शुक्रवार को वही उत्साह देखा था, या वैसा उत्साह छलकना अभी बाकी है! दाँव बड़ा है। सामने 800 से 1200 अंकों की गिरावट भी हो सकती है और सवा साल से चल रही गिरावट के दौर की समाप्ति भी। इतने बड़े दाँव से पहले बाजार बस जरा-सा छका कर संतोष कर लेगा क्या! Rajeev Ranjan Jha
(शेयर मंथन, 31 जनवरी 2012)

Last Updated ( Tuesday, 31 January 2012 11:44 )
 

Comments  

 
0 #1 sanjiv kuamr 2012-01-31 13:37
Jha Jee sanjeev Agrawal sa kuch puch lo
unka coments achaa rahta hai
Quote
 

Add comment


कंपनियों की सुर्खियाँ

स्पष्टीकरण (disclaimer) देखें। इस वेबसाइट या किसी भी अन्य माध्यम पर शेयर मंथन के किसी भी प्रकाशन या सेवा का उपयोग इस स्पष्टीकरण के अधीन है। 

Custom Search
Copyright © 2012 Share Manthan. All Rights Reserved.
Share Manthan is owned and managed by NaradVani Sanchar Madhyam Pvt. Ltd.