|
कारोबारी हफ्ते के दूसरे दिन भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक उतार-चढ़ाव के बाद गिरावट के साथ बंद हुए।
बीएसई सेंसेक्स (Sensex) 78 अंक यानी 0.44% की कमजोरी के साथ 17,629 पर रहा। निफ्टी (Nifty) 27 अंक यानी 0.49% की गिरावट के साथ 5,335 पर बंद हुआ। एनएसई के मँझोले सूचकांक सीएनएक्स मिडकैप में 1.06% की कमजोरी रही। बीएसई मिडकैप सूचकांक में 0.80% और बीएसई स्मॉलकैप में 0.33% की गिरावट रही। आज के कारोबार में कैपिटल गुड्ल और रियल्टी क्षेत्र में सबसे ज्यादा बिकवाली का रुख रहा। एशियाई शेयर बाजारों में मजबूत संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। कारोबार के शुरुआती मिनटों में बाजार एक सीमित दायरे में ऊपर-नीचे होता रहा। हालाँकि कारोबार के दूसरे घंटे में बाजार की बढ़त में इजाफा हुआ। निफ्टी 5,400 के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर लिया। इस दौरान सेंसेक्स 17,832 और निफ्टी 5,413 तक चढ़ गये। लेकिन कारोबार के तीसरे घंटे में साल 2011-12 के लिए विकास दर (जीडीपी) के अनुमान के आँकड़ों की खबर के बीच बाजार की इस बढ़त में कमी आयी। सरकार का अनुमान है कि साल 2011-12 में विकास दर 6.9% रह सकती है, जबकि 2010-11 में विकास दर 8.4% रही थी। निफ्टी 5,400 के स्तर के नीचे चला गया। फिर बाजार में दोपहर के समय एक सीमित दायरे में कारोबार होता रहा। यूरोपीय शेयर बाजारों से मिल रहे नकारात्मक संकेतों के बीच दोपहर बाद के कारोबार में बाजार बढ़त गँवा कर लाल निशान पर चला गया। कारोबार के अंतिम घंटों में बाजार की गिरावट बढ़ गयी। इस दौरान सेंसेक्स 17,582 और निफ्टी 5,322 तक नीचे फिसल गये। हालाँकि कारोबार के अंतिम मिनटों में बाजार की गिरावट में कमी आयी। आखिरकार सेंसेक्स-निफ्टी दिन के निचले स्तरों सँभल कर लाल निशान पर बंद हुए। क्षेत्रों के लिहाज से आज कैपिटल गुड्स सूचकांक में सबसे ज्यादा 2.29% की गिरावट रही। रियल्टी को 2.10%, पावर को 1.98%, धातु को 1.77%, टीईसीके को 1.21% और ऑटो को 1.10% का घाटा सहना पड़ा। आईटी में 0.86% और पीएसयू में 0.31% की कमजोरी रही। हेल्थकेयर 0.01% की हल्की गिरावट के साथ सपाट रहा। दूसरी ओर, तेल-गैस को 0.88% और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स का 0.61% का फायदा हुआ। बैंकिंग में 0.56% और एफएमसीजी में 0.28% की मजबूती रही। (शेयर मंथन, 07 फरवरी 2012) |
|
Last Updated ( Tuesday, 07 February 2012 16:33 )
|