|
राजीव रंजन झा : क्या कल बाजार विकास दर 6.9% रहने के अग्रिम अनुमान की वजह से अटक गया? मुझे नहीं लगता कि इस खबर में बाजार के लिए कोई आश्चर्य था।
क्या अभी कोई जानकार आपको निफ्टी के 5700, 5900 जैसे ऊपरी स्तरों या वापस 4500 के निचले स्तर की ओर जाने के बारे में कह रहा है? ऐसे साहसी अपवाद कम ही मिलेंगे। बाजार ऊपर जा रहा है, इसलिए नीचे के अनुमान नहीं मिलेंगे। बाजार काफी बढ़ा है, इसलिए ज्यादा ऊपर के अनुमान नहीं मिलेंगे। यानी बाजार ऐसे मुकाम पर है, जहाँ किसी खेमे में अति-उत्साह नहीं है। यहाँ बाजार थोड़ा छका सकता है। जब किसी खेमे को लगेगा कि बाजार उसके ढंग से चल रहा है तो वह अति-उत्साह में आयेगा। फिर बाजार उस खेमे को पटकी दे कर अपने मन की करेगा। मान लें कि निफ्टी 5400 के भी ऊपर भी तेजी से निकलने लगे। इससे तेजड़ियों में नया जोश बनेगा कि यह बड़ी बाधा भी पार हो गयी। लेकिन सँभव है कि थोड़ा ऊपर जाने पर जब भीड़ जोश में आ जाये तो निफ्टी पलट जाये। अगर निफ्टी अभी 5400 के आसपास ही अटक कर नीचे आने लगे तो मंदड़ियों को लगेगा कि बाजार पलट गया और बिकवाली का सही मौका आ गया। सँभव है कि जब भीड़ इस बात पर भरोसा कर ले तो बाजार वापस तेजी की राह पकड़ ले। बाजार इसी तरह छकाता है। नवंबर 2010 से चल रही गिरती पट्टी पर बीते सवा सालों में निफ्टी बार-बार अटका, लेकिन इस बार इस बाधा पर जरा भी नहीं अटका। मौजूदा उछाल करीब 900 अंक की हो चुकी है, जबकि बीते सवा सालों में इससे पहले इतनी बड़ी कोई उछाल नहीं आयी। नवंबर 2010 से अब तक कोई उछाल ऐसी सरपट सीधी नहीं रही, जैसी इस बार है। यह सवा सालों की कमजोरी का दौर पूरा होने का बड़ा संकेत माना जा सकता है। लेकिन 5400 पर अक्टूबर 2011 का शिखर था। सवा साल में 6339-4531 की गिरावट की 50% वापसी 5435 पर है। इन बाधाओं के अच्छे से पार होने के बाद ही सवा साल का कमजोर रुझान खत्म होने पर पक्का भरोसा किया जा सकता है। अगर निफ्टी 5400 के ऊपर निकल कर टिक सके तो मेरी नजर 8 जुलाई 2011 के शिखर 5740 पर होगी। दूसरी ओर तेजी थमने का पहला संकेत पिछले दिन का निचला स्तर 5323 कटने पर मिलेगा। उसके बाद 5 दिनों के एसएमए 5306 और 10 दिनों के एसएमए 5231 पर नजर रखें। इनका कटना छोटी अवधि के लिए रुख बदलने का संकेत देगा। Rajeev Ranjan Jha (शेयर मंथन, 08 फरवरी 2012) |
|
Last Updated ( Wednesday, 08 February 2012 09:59 )
|