राजीव रंजन झा
आम सहमति अक्सर बाजार की अगली हरकत के बारे में कुछ-कुछ संकेत दे जाती है।
इसी कसौटी पर मैंने 11 फरवरी को लिखा था कि बाजार शायद 4750-4850 के मौजूदा दायरे से निकलने की खिचड़ी पका रहा है! उसके बाद 17 फरवरी को मेरा कहना था कि आम राय से उल्टे चलने का बाजार का यह तरीका भी हो सकता है कि निफ्टी 4950 के एकदम ऊपर ही निकल जाये। उस समय 1-2 दिनों में तो यह नहीं हो पाया, लेकिन बजट की तलवार हटते ही बाजार ने ऐसा कर लिया। अब निफ्टी के 5000 के ऊपर आ जाने के बाद भी लोग 4950 से 5050 के दायरे की बात कर रहे हैं। इस दायरे के बारे में जिस तरह से आम सहमति दिख रही है, उसे देख कर तो लगता है कि यह दायरा भी नहीं टिकने वाला। जब एक ही दिन में निफ्टी 100 अंक से ज्यादा की हलचल दिखा रहा हो, तब 100 अंक के छोटे से दायरे में इसके फंसने का कोई कारण मुझे नहीं दिखता। खास कर ऐसी हालत में, जब 5000 के महत्वपूर्ण स्तर के ऊपर आकर बंद होने में इसे कोई खास दिक्कत नहीं झेलनी पड़ी हो। बेशक इस बात में दम है कि 5000 के ऊपर यह 1-2 दिन और बंद हो पाये, तब जाकर यह बात पक्की हो सकेगी। लेकिन यह भी हो सकता है कि 1-2 में रुझान पक्का करते-करते बाजार कुछ और ही ऊपरी स्तरों पर दिखने लगे। बेहद छोटी अवधि के लिहाज से देखें तो लोगों की नजरें 5150 पर अटकी हैं। लेकिन मेरी नजर इसके ऊपर जा रही है। कहाँ तक? बाजार में अभी जो उत्साह है, वह 5300 तक तो बड़े आराम से निफ्टी को ले जा सकता है। अगर इस तेजी में निफ्टी 5500 और 5700 तक भी चला जाये तो मुझे ताज्जुब नहीं होगा। यहाँ से 500-700 अंक ऊपर के स्तर की बात करना कुछ लोगों को अटपटा लग सकता है। कुछ लोग सोचेंगे कि ऐसा हो पाया तो भी इसमें काफी समय लग सकता है। लेकिन बीते 1 साल के अंदर के कुछ उदाहरण देख लें। जुलाई-अगस्त 2009 के बीच केवल डेढ़ महीनों में निफ्टी 3919 से 4731 तक चढ़ा, यानी 812 अंक की उछाल। अगस्त से अक्टूबर 2009 के बीच 2 महीनों में निफ्टी 4353 से 5182 तक उछला, यानी 829 अंक की तेजी। नवंबर 2009 से जनवरी 2010 के बीच करीब-करीब 2 महीनों में ही इसने 773 अंक की छलांग लगायी। अब ऐसा दिखता है कि निफ्टी ने 8 फरवरी को 4675 पर तलहटी बना ली है। उस तलहटी से अगर 750 अंक की भी तेजी मान लें तो 5425 का लक्ष्य दिखता है, वह भी अगले एक-डेढ़ महीने में। एफआईआई जिस तरह आक्रामक खरीदारी कर रहे हैं, उसमें यह मुश्किल है क्या! (शेयर मंथन, 03 मार्च 2010) |
|
Last Updated ( Wednesday, 03 March 2010 07:21 )
|