Home राग बाजारी 5400 के ऊपर टिके रहने की कोशिश में निफ्टी
Banner
Banner
 
Banner
5400 के ऊपर टिके रहने की कोशिश में निफ्टी Print E-mail

राजीव रंजन झा

जिस तरह कुछ दिनों पहले निफ्टी 5350 का स्तर बचाये रखने की कोशिश में लगा था और 5400 के ऊपर टिक नहीं पा रहा था, कुछ-कुछ उसी तरह अब निफ्टी 5400 का स्तर बचाने में लगा है और 5450 के ऊपर टिक नहीं पा रहा है। 

निफ्टी पिछले शुक्रवार को 5478 तक भी चढ़ चुका है, लेकिन जरा इस बात पर ध्यान दें कि अब तक यह 5450 के ऊपर बंद नहीं हो पाया है। लेकिन पिछले 3 कारोबारी दिनों से निफ्टी को 5400 पर अच्छा सहारा भी मिल जा रहा है। मतलब यह कि कहानी वही चल रही है, केवल उसके स्तरों की पट्टी 50 अंक ऊपर खिसक गयी है। आज सुबह के कारोबार में भी यही दिख रहा है कि 5400 के कुछ ऊपर निफ्टी में खरीदारी लौट आ रही है। 

आरबीआई के ताजा फैसले और रिलायंस, एलएंडटी जैसी दिग्गज कंपनियों के नतीजे बाजार को इस 50 अंक की पट्टी नीचे या ऊपर नहीं ले जा सके। रिलायंस के नतीजे कल बाजार बंद होने के बाद आये और यह कल अपने नतीजों से पहले एकदम सपाट रहा। आज सुबह भी इसमें कोई खास हलचल नहीं दिख रही है। लेकिन ऐसा लग रहा है कि बाजार में अभी निफ्टी 5500 या इसके ऊपर जाने की उम्मीदें कायम हैं। कल शाम को यह दिख रहा था कि ज्यादातर विश्लेषक अगले 1-2 हफ्तों में निफ्टी 5550 तक जाने का अनुमान लगा रहे हैं। हर किसी की नजर इसी एक खास स्तर पर जाकर अटक रही है। और यही बात मुझे कुछ असमंजस में भी डाल रही है।

मैंने पिछले हफ्ते भी 5500-5550 के स्तरों के बारे में बन रही आम राय का जिक्र किया था। और अक्सर बाजार आम राय को नहीं मानता। लिहाजा आम राय से अलग जाने के लिए निफ्टी या तो 5500-5550 तक जा ही नहीं सकेगा, या फिर इससे काफी आगे निकल जायेगा – ऐसे ऊँचे स्तरों तक जिसके बारे में अभी लोग चर्चा नहीं कर रहे हों। अभी यह मुमकिन है कि वायदा कारोबार के समीकरणों के चलते आज-कल में निफ्टी कोई नयी चाल न ले सके और इन्हीं स्तरों के आसपास मँडराता रहे। लेकिन इसके बाद बाजार की अगली चाल जरा साफ होगी। अगर निफ्टी 5500 के ऊपर जाकर टिकता दिखा, तो शायद काफी लोगों को अपना नजरिया बदलना पड़ेगा। क्या पता यही बात निफ्टी को कुछ और ऊपर ले जाये! (शेयर मंथन, 28 जुलाई 2010)


Last Updated ( Wednesday, 28 July 2010 11:28 )
 

Add comment


कंपनियों की सुर्खियाँ

स्पष्टीकरण (disclaimer) देखें। इस वेबसाइट या किसी भी अन्य माध्यम पर शेयर मंथन के किसी भी प्रकाशन या सेवा का उपयोग इस स्पष्टीकरण के अधीन है। 

Custom Search
Copyright © 2012 Share Manthan. All Rights Reserved.
Share Manthan is owned and managed by NaradVani Sanchar Madhyam Pvt. Ltd.
 
Banner