Home राग बाजारी निफ्टी (Nifty) अब 5700 की ओर, लेकिन इसके बाद...
Banner
Banner
 
Banner
निफ्टी (Nifty) अब 5700 की ओर, लेकिन इसके बाद... Print E-mail

राजीव रंजन झा

पिछले हफ्ते गुरुवार की सुबह ही मैंने लिखा था कि अब निफ्टी (Nifty) की नजरें 5600 की ओर हैं, और कल वह स्तर निफ्टी ने छू लिया।

इस समय बाजार बेहद महत्वपूर्ण मुकाम पर है, अपनी अगली दिशा तय कर रहा है। निफ्टी इस समय अप्रैल 2010, जनवरी 2010, अक्टूबर 2009 और इससे पहले अगस्त 2008 के शिखरों को मिलाने वाली रुझान रेखा को लगभग छू रहा है। यहीं पर इसे तय करना है कि क्या यह इस रेखा को पार करके आगे बढ़ जायेगा, या फिर वापस इसके नीचे लौटेगा। इस रेखा को पार करने का मतलब यह होगा कि पिछले साल भर से चली आ रही चढ़ती पट्टी (राइजिंग चैनल) के ऊपर  निकल जायेगा। ऐसा होने पर निफ्टी के सामने एक नया आसमान खुल जायेगा।
इस आसमान में मुझे बीच-बीच के छोटे पड़ाव नहीं दिख रहे, सीधे पिछला ऐतिहासिक शिखर दिखता है। वैसे शायद 5700 पर बाधा मिले, 5800 पर भी और 6000 पर भी। लेकिन हकीकत यह है कि जनवरी 2008 में जब निफ्टी 6357 के शिखर से लुढ़का था, तब यह सरपट 4448 तक फिसलता चला गया था। बीच में कोई भी स्तर इसे नाम भर के लिए भी सहारा नहीं दे पाया था। इसलिए वापस चढ़ते समय निफ्टी को कौन-सा स्तर ज्यादा मजबूत बाधा दे सकेगा, यह समझ पाना मेरे लिए मुश्किल साबित हो रहा है।
मैंने बार-बार यह जिक्र किया है कि निफ्टी जनवरी 2008 से जनवरी 2009 तक की समूची चाल को जनवरी 2009 से अब तक वापस पलटता आया है – किसी आइने की तरह। ऐसा लग रहा है कि अभी हम 21 जनवरी 2008 का उल्टा रूप घटता देख रहे हैं। मगर हाँ, उस समय जो हलचल 1-2 दिनों में हो रही थी, वैसी हलचल होने में अब हफ्तों और महीनों का समय लग रहा है। इस बात को मैंने 12 जुलाई को काफी विस्तार से सामने रखा था। (देखें http://www.sharemanthan.in/index.php/rag-bazaari/7846-rajeev-ranjan-jha-column-20100712)
आइने पर बनते इस प्रतिबिंब में 4448 का स्तर छूट रहा है। बिल्कुल सटीक प्रतिबिंब बनने के लिए जरूरी था कि निफ्टी 22 जनवरी 2008 की तलहटी 4448 को भी छूने की कोशिश करे। लेकिन 12 जुलाई को ही मैंने यह भी लिखा था कि “अगर मौजूदा तेजी में निफ्टी 5500 से भी आगे निकलने लगे, तब यह मानना पड़ेगा कि निफ्टी 22 जनवरी 2008 को नजरअंदाज करके आगे निकल चुका है।” अब यही लग रहा है कि निफ्टी 4448 की तलहटी को भूल कर 5700 की ओर बढ़ चला है। लेकिन इसके बाद आइना जो प्रतिबिंब बनाने की कोशिश कर रहा है, उस पर एकबारगी भरोसा नहीं हो रहा – बिना किसी बड़ी गिरावट के 6357 तक की सीधी उछाल? या कुछ ऐसा है जो अभी इस तस्वीर में साफ नहीं दिख रहा? (शेयर मंथन, 08 सितंबर 2010)

Last Updated ( Wednesday, 08 September 2010 10:23 )
 

Add comment


कंपनियों की सुर्खियाँ

स्पष्टीकरण (disclaimer) देखें। इस वेबसाइट या किसी भी अन्य माध्यम पर शेयर मंथन के किसी भी प्रकाशन या सेवा का उपयोग इस स्पष्टीकरण के अधीन है। 

Custom Search
Copyright © 2012 Share Manthan. All Rights Reserved.
Share Manthan is owned and managed by NaradVani Sanchar Madhyam Pvt. Ltd.
 
Banner