|
कारोबार के अंतिम घंटों में खरीदारी की वजह से भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक आज अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए।
निफ्टी (Nifty) ने 5,300 के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर लिया। बीएसई सेंसेक्स (Sensex) 173 अंक यानी 0.99% की मजबूती के साथ 17,605 पर रहा। निफ्टी (Nifty) 56 अंक यानी 1.06% की बढ़त के साथ 5,326 पर बंद हुआ। एनएसई के मँझोले सूचकांक सीएनएक्स मिडकैप में 1.36% की मजबूती रही। बीएसई मिडकैप सूचकांक में 1.28% और बीएसई स्मॉलकैप में 1.17% की बढ़त रही। आज के कारोबार में रियल्टी और हेल्थकेयर क्षेत्र में सबसे ज्यादा खरीदारी का रुख रहा। एशियाई शेयर बाजारों में मिले-जुले संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों की शुरुआत सपाट हुई। शुरुआती कारोबार में बाजार एक सीमित दायरे में ऊपर-नीचे होता रहा। कारोबार के दूसरे घंटे में सेंसेक्स 17,382 और निफ्टी 5,255 तक नीचे चले गये। हालाँकि कारोबार तीसरे घंटे में बाजार की गिरावट में कमी आयी और यह एकदम सपाट हो गया। दोपहर के कारोबार में भी यह एकदम ठंडा ही रहा। यूरोपीय शेयर बाजारों की कमजोर शुरुआत के बीच बाजार सपाट ही रहा। कारोबार के अंतिम घंटों में बाजार ने रुख बदला और बढ़त की रफ्तार पकड़ ली। निफ्टी ने 5,300 के स्तर को पार कर लिया। कारोबार के अंतिम मिनटों में सेंसेक्स 17,630 और निफ्टी 5,335 तक चढ़ गये। आखिरकार सेंसेक्स-निफ्टी आज के कारोबार के ऊपरी स्तरों के आस-पास ही बंद हुए। क्षेत्रों के लिहाज से आज रियल्टी सूचकांक में सबसे ज्यादा 2.15% की तेजी रही। हेल्थकेयर को 1.69%, पावर को 1.49%, एफएमसीजी को 1.44%, बैंकिंग को 1.42%, तेल-गैस को 1.13% और पीएसयू को 1.09% का फायदा हुआ। आईटी में 0.90%, ऑटो में 0.79%, टीईसीके में 0.67%, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.44% और कैपिटल गुड्स में 0.27% की बढ़त रही। दूसरी ओर, धातु को 1.09% का घाटा सहना पड़ा। (शेयर मंथन, 03 फरवरी 2012) |