|
नतीजे की खबर के बाद से शेयर बाजार में ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ओएनजीसी) के शेयर में गिरावट का रुख है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में आज के शुरुआती कारोबार में कंपनी का शेयर 1221.10 रुपये तक नीचे चला गया। हालाँकि अब इसकी गिरावट में कमी आयी है और सुबह 9:35 बजे यह 12.50 रुपये यानी 1.01% की कमजोरी के साथ 1230 रुपये पर है। गुरुवार को कंपनी का शेयर 1242.50 रुपये पर बंद हुआ था। कारोबारी साल 2010-11 की पहली तिमाही में ओएनजीसी का शुद्ध मुनाफा 24% कम हो गया है। अप्रैल-जून 2010 की तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 3661.14 करोड़ रुपये रहा है, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 4847.92 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी की कुल आय में भी कमी आयी है। कारोबारी साल 2010-11 की पहली तिमाही में कंपनी की कुल आय 14230.22 करोड़ रुपये रही है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसकी आय 15924.08 करोड़ रही थी। अप्रैल-जून 2010 तिमाही में कंपनी की प्रति शेयर आमदनी यानी ईपीएस 22.67 से घटकर 17.12 हो गयी। (शेयर मंथन, 30 जुलाई 2010) |
|
Last Updated ( Friday, 30 July 2010 09:43 )
|