|
News -
खास खबरें
|
|
नये पेट्रोलियम सचिव एस सुंदरेशन के मुताबिक किरीट पारिख समिति की रिपोर्ट आज पेश होगी।
एक टेलीविजन इंटरव्यू में उन्होंने जानकारी दी है कि आज शाम यह रिपोर्ट पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा को प्रस्तुत की जायेगी। सुंदरेशन इस समिति के सदस्य तो हैं ही, लेकिन वे पेट्रोलियम सचिव के रूप में वह आज पेट्रोलियम मंत्री के साथ खड़े होकर इस रिपोर्ट को प्राप्त करने की भूमिका में भी होंगे। किरीट पारिख समिति का गठन नयी ईंधन नीति बनाने के लिए किया गया था। यह समिति ईंधन पर दी जा रही सरकारी सहायता (सब्सिडी) को तार्किक बनाने के बारे में सुझाव देगी, जिससे तेल मार्केटिंग कंपनियों को हो रहा घाटा कम हो। पेट्रोलियम सचिव ने यह भी बताया कि तेल मार्केटिंग कंपनियों को इस कारोबारी साल में अपनी खुदरा बिक्री पर 43,000 करोड़ रुपये का घाटा (अंडररिकवरी) सहना पड़ सकता है। आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का तेल-गैस सूचकांक सुबह करीब 10.50 बजे 1.9% की मजबूती दिखा रहा है। ओएनजीसी में 1.8%, ऑयल इंडिया में 3%, इंडियन ऑयल में 1.2%, भारत पेट्रोलियम में 1.7% और हिंदुस्तान पेट्रोलियम में 1.4% की तेजी है। (शेयर मंथन, 03 फरवरी 2010) |
|
Last Updated ( Wednesday, 03 February 2010 11:00 )
|