गुरुवार 31 अगस्त : देश दुनिया की 10 बड़ी खबरें

भारतीय अंतरिक्ष एवं अनुसंधान संगठन (ISRO) की ओर से गुरुवार को भारतीय क्षेत्रीय दिशा सूचक उपग्रह आईआरएनएसएस - वन एच का प्रक्षेपण असफल हो गया है।

गया के आदित्य सचदेव हत्याकांड में सिविल कोर्ट ने रॉकी यादव सहित सभी चार आरोपियों को दोषी करार दिया है। पिछले साल 7 मई को हुई हत्या के इस मामले में न्यायालय छह सितंबर 2017 को इन दोषियों को सजा सुनायेगा।
कई महीनों से चल रही अटकलों को समाप्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री महेन्द्र नाथ पाण्डेय को उत्तर प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया है। पाण्डेय उत्तर प्रदेश के चंदौली से सांसद हैं।
गुरुवार की सुबह दक्षिण मुंबई के भिंडी बाजार में पाँच मंजिला आवासीय इमारत गिर जाने की वजह से 19 लोगों की मौत हो चुकी है। मलबे में कई और लोगों के दबे होने की आशंका है।
झारखंड कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राजीव गौबा ने गुरुवार को केंद्रीय गृह सचिव का कार्य भार ग्रहण कर लिया। राजीव महर्षि की सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने केंद्रीय गृह सचिव का कार्य भार सँभाला है।
हरियाणा सरकार ने ऐसे दो और कमांडो को बर्खास्त कर दिया है, जिन्होंने प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड के साथ मिल कर डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम (Gurmeet Ram Rahim) को पंचकूला अदालत से भगाने का प्रयास किया था। इस मामले में तीन कमांडो को पहले ही बर्खास्त किया जा चुका है।
किसानों को लुभाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों धान के बोनस के रूप में कुल 2100 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। दीपावली के समय राज्य के तकरीबन 13 लाख किसानों को इसका लाभ मिलेगा।
गूगल (Google) ने भारत, नेपाल और बांग्लादेश में बाढ़ राहत कार्यों के लिए गैर सरकारी संगठन गूँज और सेव द चिल्ड्रन को दस लाख डॉलर की सहायता देने की बात कही है।
बेनजीर भुट्टो (Benazir Bhutto) हत्‍या मामले में पाकिस्तान की आतंकनिरोधी अदालत ने दो आरोपियों को कैद की सजा सुनायी, जबकि पाँच आरोपियों को बरी करने का आदेश दे दिया। पाकिस्तान के पूर्व राष्‍ट्रपति जनरल परवेज मुशर्रफ को इस मामले में न्यायालय ने फरार घोषित कर दिया। भुट्टो की 27 दिसंबर 2007 को रावलपिंडी में हत्या कर दी गयी थी।
डोकलाम (Doklam) क्षेत्र में तनाव कम होने की खबरों के बीच चीन के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि वह इस क्षेत्र में अपने सैनिकों की गश्त और तेज करेगा। (शेयर मंथन, 31 अगस्त 2017)