बाजार में हफ्ते की अच्छी शुरुआत, सेंसेक्स (Sensex) 217 अंक चढ़ कर बंद

भारतीय शेयर बाजार में कभी खुशी कभी गम का दौर बना हुआ है। शुक्रवार की तीखी गिरावट के बाद सोमवार को बाजार ने फिर से हरियाली दिखायी और इसके प्रमुख सूचकांक लगभग 1% तक चढ़े। मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच एनएसई का निफ्टी 50 (Nifty 50) एक बार फिर 7,800 के ऊपर लौट आया। हालाँकि सुबह में अमेरिकी और एशियाई बाजारों के संकेत थोड़े सुस्त ही थे, जिसके चलते भारतीय बाजार ने भी कुछ सुस्त शुरुआत ही की थी। मगर इसके बाद बाजार लगातार सँभलता चला गया। दोपहर में यूरोपीय बाजारों के सकारात्मक रुझान के साथ खुलने के बाद भारतीय बाजार की मजबूती बढ़ी और यह दिन के ऊपरी स्तरों के पास ही बंद हुआ। बीएसई का सेंसेक्स 25,519.22 के पिछले बंद स्तर की तुलना में 25,425.32 पर खुला और नीचे 25,413.54 तक फिसला। मगर जल्दी ही यह हरे निशान में आ गया और आखिरी घंटों में 25,757.84 तक चढ़ा। अंत में यह 216.68 अंक या 0.85% की बढ़त के साथ 25,735.90 पर बंद हुआ। निफ्टी 50 भी नीचे 7,733.45 से ऊपर 7,840.75 तक चढ़ने के बाद अंत में 72.50 अंक या 0.93% की बढ़त हासिल करके 7,834.45 पर बंद हुआ।
छोटे-मँझोले सूचकांक भी हरे निशान में ही रहे। बीएसई मिडकैप ने 0.64% और बीएसई स्मॉलकैप ने 0.82% की मजबूती दिखायी। एनएसई में निफ्टी मिडकैप 100 ने 0.77% और निफ्टी स्मॉल 100 ने 0.82% की तेजी दर्ज की।
सेंसेक्स के 30 दिग्गज शेयरों में से 26 शेयर हरे निशान में रहे। सबसे ज्यादा मजबूती आईसीआईसीआई बैंक, ओएनजीसी, आईटीसी, महिंद्रा ऐंड महिंद्रा, ऐक्सिस बैंक और हीरो मोटोकॉर्प में दिखी। दूसरी ओर सन फार्मा अपने हलोल संयंत्र को लेकर अमेरिकी एफडीए का चेतावनी पत्र मिलने की खबर के मद्देनजर काफी दबाव में रहा और 4.55% गिर कर बंद हुआ। गेल, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एशियन पेंट्स भी कमजोर रहे, जबकि रिलायंस अंत में लगभग सपाट बंद हुआ। (शेयर मंथन, 21 दिसंबर 2015)