Gift Nifty और वैश्विक संकेतों से आज भी भारतीय बाजार में बढ़त के आसार

भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार (14 सितंबर) को बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत करने के आसार नजर आ रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी में सुबह 8.15 बजे के आसपास 38 अंकों की बढ़त नजर आ रही है और यह 0.19% के अंतर के साथ 20,184 के स्तर के आसपास मंडरा रहा है।

इससे पहले बुधवार (13 सितंबर) को भारतीय शेयर बाजार ने नरमी के साथ कारोबार की शुरुआत की थी। सत्र के पहले दो घंटे बाजार में काफी उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। लेकिन 11.30 के आसपास खरीदारी आने से बाजार हरे निशान में पहुँचने में कामयाब रहे और उसके बाद पूरे समय तेजी बनी रही। एनएसई के निफ्टी में 76.80 अंकों की उछाल दर्ज की गयी और यह 0.38% के अंतर के साथ 20,070 के स्तर पर बंद हुआ। बीएसई के सेंसेक्स में 245.86 अंक की तेजी देखने को मिली और यह 67,466.99 के स्तर पर पहुँच गया, इसमें 0.37% की बढ़त दर्ज की गयी।

एशियाई बाजारों की बात करें तो आज सभी प्रमुख बाजार में मिलाजुला रुख के साथ कारोबार होता नजर आ रहा है। जापान के निक्केई में जहाँ 342.49 अंकों की उछाल दिखाई दे रही है और यह 1.04% की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। वहीं, हॉन्ग कॉन्ग के हैंग सेंग में आज 55.10 अंक की नरमी है और यह 0.31% लुढ़क गया है। दक्षिण कोरिया के कॉस्पी में आज 19.88 अंकों की बढ़त नजर आ रही है और यह 0.78% की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। शंघाई कंपोजिट में 1.78 अंकों का नुकसान है और यह 0.06% के अंतर के साथ कारोबार कर रहा है।

सभी प्रमुख यूरोपीय बाजार में बुधवार (13 सितंबर) को नरमी का रुख दर्ज किया गया था। लंदन के एफटीएसई 100 (FTSE 100) में 1.54 अंकों की सुस्ती दर्ज की गयी और यह 0.02% के अंतर के साथ बंद हुआ था। पेरिस का बेंचमार्क इंडेक्स कैक 40 (CAC 40) 0.42% के नुकसान के साथ 7,222.57 के स्तर पर बंद हुआ। फ्रैंकफर्ट का डैक्स 30 (DAX30) भी 0.39% की नरमी के साथ 15,654.03 के स्तर पर आ गया और 61.50 अंक की सुस्ती के साथ बंद हुआ।

अमेरिका के प्रमुख बाजार में बुधवार (13 सितंबर) को मिलाजुला रुख देखने को मिला था। डॉव जोंस में जहाँ 70.46 अंक की नरमी देखने को मिली और यह 0.20% की सुस्ती के साथ 34,575.53 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डैक कंपोजिट में 0.29% या 39.96 अंक की तेजी देखने को मिली और यह 13,813.58 के स्तर पर बंद हुआ। एसऐंडपी 500 5.54 अंक या 0.12% की बढ़त के साथ 4,467.44 के स्तर पर बंद हुआ।

(शेयर मंथन, 14 सितंबर 2023)