शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजार में नैस्डैक कंपोजिट (Nasdaq Composite) में हल्की बढ़त रही, मगर डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज (Dow Jones Industrial Average) और एसऐंडपी 500 (S&P 500) सपाट रुझान के साथ बंद हुए।
पिछले कुछ दिनों के भारी उतार-चढ़ाव की तुलना में शुक्रवार का दिन अमेरिकी बाजार के लिए तुलनात्मक रूप से शांत रहा। डॉव जोंस 12 अंक या 0.07% गिर कर 16,643 पर बंद हुआ। एसऐंडपी 500 में केवल 1 अंक या 0.06% की बढ़त दर्ज हुई। वहीं नैस्डैक कंपोजिट 16 अंक या 0.32% ऊपर चढ़ कर 4,828 पर बंद हुआ।
हालाँकि बीता हफ्ता अमेरिकी बाजार के लिए अच्छा रहा। हफ्ते के दौरान डॉव जोंस में 183 अंक या 1.1% की, एसऐंडपी 500 में 18 अंक या 0.9% की और नैस्डैक कंपोजिट में 122 अंक या 2.6% की मजबूती दर्ज हुई।
आज एशियाई बाजारों में हफ्ते की कमजोर शुरुआत हुई है। भारतीय समय के मुताबिक सुबह करीब 9 बजे चीन का शंघाई कंपोजिट (Shanghai Composite) 88 अंक या 2.7% की तीखी गिरावट दर्ज कर चुका है। जापान का निक्केई (Nikkei) लगभग 200 अंक या 1% के नुकसान पर चल रहा है। हांग कांग का हैंग सेंग (Hang Seng) 171 अंक या 0.8% नीचे है। सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स (Straits Times) 13 अंक या 0.45% की गिरावट दिखा रहा है। (शेयर मंथन, 31 अगस्त 2015)
Add comment