शुक्रवार को अमेरिकी बाजार सपाट, आज एशिया कमजोर

शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजार में नैस्डैक कंपोजिट (Nasdaq Composite) में हल्की बढ़त रही, मगर डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज (Dow Jones Industrial Average) और एसऐंडपी 500 (S&P 500) सपाट रुझान के साथ बंद हुए।

पिछले कुछ दिनों के भारी उतार-चढ़ाव की तुलना में शुक्रवार का दिन अमेरिकी बाजार के लिए तुलनात्मक रूप से शांत रहा। डॉव जोंस 12 अंक या 0.07% गिर कर 16,643 पर बंद हुआ। एसऐंडपी 500 में केवल 1 अंक या 0.06% की बढ़त दर्ज हुई। वहीं नैस्डैक कंपोजिट 16 अंक या 0.32% ऊपर चढ़ कर 4,828 पर बंद हुआ।
हालाँकि बीता हफ्ता अमेरिकी बाजार के लिए अच्छा रहा। हफ्ते के दौरान डॉव जोंस में 183 अंक या 1.1% की, एसऐंडपी 500 में 18 अंक या 0.9% की और नैस्डैक कंपोजिट में 122 अंक या 2.6% की मजबूती दर्ज हुई।
आज एशियाई बाजारों में हफ्ते की कमजोर शुरुआत हुई है। भारतीय समय के मुताबिक सुबह करीब 9 बजे चीन का शंघाई कंपोजिट (Shanghai Composite) 88 अंक या 2.7% की तीखी गिरावट दर्ज कर चुका है। जापान का निक्केई (Nikkei) लगभग 200 अंक या 1% के नुकसान पर चल रहा है। हांग कांग का हैंग सेंग (Hang Seng) 171 अंक या 0.8% नीचे है। सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स (Straits Times) 13 अंक या 0.45% की गिरावट दिखा रहा है। (शेयर मंथन, 31 अगस्त 2015)