बाजार ने गँवायी बढ़त, सपाट बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी

कारोबार के आखरी घंटे में पूरी बढ़त गँवाने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी सपाट बंद हुए।

आज सुबह से ही बाजार में जोरदार बढ़त रही, मगर अंतिम घंटे में बाजार में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गयी। सेंसेक्स ने बुधवार के 32,382.46 के बंद स्तर की तुलना में 32,519.44 पर शुरुआत की। कारोबार के अंत में यह सपाट 32,383.30 पर बंद हुआ। आज इसका उच्च स्तर 32,672.66 और निचला स्तर 32,325.33 रहा। इसके अलावा एनएसई का निफ्टी 50 (Nifty 50) भी सपाट 10,020.55 पर बंद हुआ। सत्र के मध्य में निफ्टी 10,114.85 के उच्च स्तर तक चढ़ा, जबकि यह नीचे की ओर 10,005.50 तक फिसला। आज इंडिया वीआईएक्स (VIX) सूचकांक 0.42% की बढ़त के साथ 11.2175 पर बंद हुआ। बीएसई में 880 शेयर मजबूती और 1,846 शेयर कमजोरी के साथ बंद हुए। सेंसेक्स के 150 शेयर सपाट बंद हुए। वहीं निफ्टी में 346 शेयर हरे और 1,031 शेयर लाल निशान में रहे तथा 33 शेयर सपाट बंद हुए। दूसरी ओर बाजार के छोटे-मंझोले सूंचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई मिडकैप में 0.55% और बीएसई स्मॉल कैप में 0.52% की कमजोरी आयी। वहीं निफ्टी मिडकैप 100 0.28% और निफ्टी स्मॉल 100 1.10% कमजोरी के साथ बंद हुए।
आज के कारोबार में सेंसेक्स के दिग्गज शेयरों में एचडीएफसी में 5.83%, एचडीएफसी बैंक में 2.18%, एशियन पेंट्स में 1.32%, कोटक महिंद्रा बैंक में 1.21%, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में 0.86% और हिंदुस्तान यूनिलीवर में भी 0.71% की मजबूती आयी। गिरने वाले शेयरों की बात करें तो डॉ रेड्डीज में 3.29%, टीसीएस में 2.76%, टाटा मोटर्स में 2.43%, भारती एयटेल में 2.40% और इन्फोसिस में 2.16% की गिरावट आयी। निफ्टी 50 के 51 शेयरों में से 18 शेयर तेजी और 33 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं बीएसई के 31 शेयरों में से 11 शेयर हरे और 20 शेयर लाल निशान में रहे। (शेयर मंथन, 27 जुलाई 2017)