ब्याज दरें बढ़ने की चिंता से अमेरिकी बाजार (US Markets) फिसला

फेडरल रिजर्व (Federal Reserve) की ओर से इसी साल ब्याज दरों (Interest Rates) में वृद्धि की संभावना बढ़ने के चलते गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ।

फेडरल रिजर्व बैंक ऑफ सैन फ्रांसिस्को के अध्यक्ष जॉन विलियम्स ने कहा है कि इस साल आगे चल कर फेडरल रिजर्व ब्याज दरें बढ़ा सकता है। हालाँकि कुछ जानकारों की राय है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक को वित्तीय स्थिरता के जोखिम से निपटने के लिए ब्याज दर की नीति का सहारा नहीं लेना चाहिए।
कल डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज (Dow Jones Industrial Average) सत्र के मध्य में 18066 तक फिसलने के बाद अंत में 37 अंक या 0.2% गिर कर 18,126 पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट (Nasdaq Composite) 5098 पर बंद हुआ। इसमें 9 अंक या 0.2% की गिरावट देखने को मिली।
इस बीच आरंभिक बेरोजगारी के दावों (Initial Jobless Claims) की संख्या बढ़ कर 282,000 हो गयी है। इसमें जानकारों के अनुमानों से अधिक वृद्धि हुई है, हालाँकि ये आँकड़े अब भी अमेरिकी अर्थव्यवस्था में छंटनी की रफ्तार न्यूनतम स्तर के पास होने का संकेत देते हैं। पिछले महीने यह आँकड़ा 15 वर्षों के न्यूनतम स्तर पर आ गया था। (शेयर मंथन, 29 मई 2015)