Sensex-Nifty में सतर्क कारोबार के संकेत, गिफ्ट निफ्टी, अमेरिकी और एशियाई बाजारों में नरमी

भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार (05 अप्रैल) को हफ्ते के अंतिम कारोबारी सत्र में सतर्क कारोबार देखने को मिल सकता है। गिफ्ट निफ्टी में सुबह 8.10 बजे के आसपास 45.50 अंकों की गिरावट नजर आ रही है और यह 0.20% की नरमी के साथ 22,525.00 के स्तर के आसपास मंडरा रहा है।

इससे पहले गुरुवार (04 अप्रैल) को भारतीय शेयर बाजार ने अच्छी तेजी के साथ कारोबार की शुरुआती की थी। तकबरीबन 10 बजे के आसपास बाजार बिकवाली के दबाव में टूट कर लाल निशान में चले गये। इसके बाद 1 बजे के आसपास बाजार में खरीदारी लौटी और ये हरे निशान में वापस आ गये। बाजार में कल काफी उतार-चढ़ाव रहा और ऊपर स्तरों पर मुनाफावसूली एवं निचले स्तरों पर खरीदारी देखने को मिली। शाम को सत्र समाप्ति पर बाजार हल्की तेजी के साथ बंद हुए। निफ्टी में 80 अंकों की तेजी आयी और यह 0.36% की उछाल के साथ 22,514.65 के स्तर पर बंद हुआ। बीएसई का सेंसेक्स 350.81 अंक जोड़ कर 74,227.63 के स्तर पर पहुँच गया, इसमें भी 0.47% की बढ़त दर्ज की गयी।

एशिया के प्रमुख बाजार में नरमी के साथ कारोबार देखने को मिल रहा है। जापान के निक्केई में 960.90 अंकों की भारी गिरावट है और ये 2.48% के नुकसान के साथ कारोबार कर रहा है। हॉन्ग कॉन्ग के हेंग सेंग में भी 222.68 अंकों का नुकसान है और ये 1.33% टूट कर कारोबार कर रहा है। दक्षिण कोरिया के कोस्पी में आज 27.70 अंकों की गिरावट है और ये 1.01% की सुस्ती के साथ कारोबार कर रहा है। शंघाई कंपोजिट में भी कारोबार बंद रहा।

सभी प्रमुख यूरोपीय बाजार में गुरुवार (04 अप्रैल) को मिलाजुला रुख के साथ कारोबार हुआ था। लंदन का एफटीएसई 100 (FTSE 100) में 38.45 अंकों की बढ़त आयी और यह 0.48% की तेजी के साथ 7,975.89 के स्तर पर बंद हुआ। पेरिस का बेंचमार्क इंडेक्स कैक 40 (CAC 40) सपाट रहा और इसमें 1.68 अंकों की सुस्ती देखने को मिली और ये 8,151.55 के स्तर पर बंद हुआ। फ्रैंकफर्ट के डैक्स 30 (DAX30) ने 35.41 अंक जोड़े और यह 0.19% की तेजी के साथ 18,403.13 के स्तर पर बंद हुआ।

अमेरिका के प्रमुख बाजार में गुरुवार (04 अप्रैल) को कारोबार में 1.5% तक की गिरावट दर्ज की गयी। डॉव जोंस में 530.16 अंकों की नरमी रही और यह 1.35% की सुस्ती के साथ 38,596.98 के स्तर पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट में सर्वाधिक 1.40% या 228.38 अंकों का नुकसान देखने को मिला और यह 16,049.08 के स्तर पर बंद हुआ। एसऐंडपी 500 भी 64.28 अंक या 1.23% टूट कर 5,147.21 के स्तर पर बंद हुआ।

(शेयर मंथन, 05 अप्रैल 2024)

(आप भी किसी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)