सपाट बंद हुआ अमेरिकी बाजार, हेल्थकेयर में 1% बढ़त

हेल्थकेयर में 1% की बढ़त के बाद गुरुवार को अमेरिकी बाजार मामूली बदलाव के साथ बंद हुआ।

डॉव जोंस में गोल्डमैन साक्स सबसे अधिक टूटा और यूनाइटेड हेल्थ में सबसे अधिक तेजी दर्ज की गयी। तेल की कीमतों में गिरावट के कारण इस सप्ताह में ऊर्जा शेयरों में काफी दबाव रहा है, हालाँकि गुरुवार को कच्चे तेल के दाम भी वृद्धि हुई। चालू कारोबारी सप्ताह में अब तक ऊर्जा सेक्टर में 3.5% की गिरावट आयी।
गुरुवार को डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज (Dow Jones Industrial Average) 12.74 अंक (0.06%) की मामूली गिरावट के साथ 21,397.29 पर बंद हुआ। वहीं नैस्डैक कंपोजिट (Nasdaq Composite) 2.74 अंक या 0.02% की हल्की सी बढ़त के साथ 6,236.69 पर बंद हुआ। एसऐंडपी 500 (S&P 500) में 1.11 अंक (0.05%) की मामूली गिरावट आयी और यह 2,434.50 पर बंद हुआ। इसके अलावा कल अमेरिकी बाजार में कच्चे तेल के भाव में 0.49% की बढ़त दर्ज की गयी और डब्लूटीआई क्रूड 42.74 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। वहीं कल यूरोपीय बाजार भी मिला-जुला ही साथ हुआ। (शेयर मंथन, 23 जून 2017)