डॉव जोंस और एसऐंडपी 500 चढ़े, नैस्डैक हुआ कमजोर

लगातार 8 सत्रों में कमजोर होने के बाद कारोबारी हफ्ते के आखरी दिन शुक्रवार को डॉव जोंस में मजबूती दर्ज की गयी।

वहीं एसऐंडपी 500 में भी बढ़ोतरी दर्ज की गयी, जबकि नैस्डैक कंपोजिट कमजोर हुआ। कल ओपेक तथा इसके सहयोगी देशों के बीच उत्पादन में प्रतिदिन 6,00,000 बैरल की बढ़ोतरी के लिए सहमति बनी, जबकि निवेशकों को इससे अधिक की बढ़ोतरी की उम्मीद थी। इससे तेल की कीमतों और ऊर्जा शेयरों में मजबूती दर्ज की गयी।
शुक्रवार को डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज (Dow Jones Industrial Average) 119.19 अंक या 0.49% की मजबूती के साथ 24,580.89 पर बंद हुआ। वहीं नैस्डैक कंपोजिट (Nasdaq Composite) 20.13 अंक या 0.26% की गिरावट के साथ 7,692.82 पर रहा, जबकि एसऐंडपी 500 (S&P 500) 5.12 अंक या 0.19% चढ़ कर 2,754.88 पर बंद हुआ। उधर यूरोपीय बाजारों में भी मजबूती आयी। जबकि अमेरिकी बाजार में कच्चे तेल (Brent Crude) का भाव 3.31% की बढ़त के साथ 75.55 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। (शेयर मंथन, 23 जून 2018)