Gift Nifty में मामूली बढ़त, भारतीय बाजार में सतर्क कारोबार के संकेत

लंबे सप्ताहांत के बाद खुल रहे भारतीय शेयर बाजार में सोमवार (01 अप्रैल) को सतर्क कारोबार देखने को मिल सकता है। गिफ्ट निफ्टी में सुबह 8.10 बजे के आसपास 04 अंकों की मामूली बढ़त नजर आ रही है और यह 0.02% के बदलाव के साथ 22,528.00 के स्तर के आसपास मंडरा रहा है।

इससे पहले गुरुवार (28 मार्च) को भारतीय शेयर बाजार मजबूती के साथ खुले थे और पूरे सत्र के दौरान तेजी में बने रहे। बाजार ने शुरुआत दिन के निचले स्तर से की और वहाँ से आगे बढ़ते रहे। वित्त वर्ष 2023-24 के अंतिम कारोबारी सत्र में बाजार में मजबूती देखने को मिली। बाजार में तेजी थी, मगर ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली भी रही। दोनों सूचकांक दिन के 3 बजे के आसपास दिन के उच्च स्तर पर पहुँचे, मगर ऊँचाई पर बने नहीं रह पाये और बढ़त गँवा कर हरे निशान में बंद हो गये। निफ्टी में 203.25 अंकों की उछाल आयी और यह 0.92% की बढ़त के साथ 22,326.90 के स्तर पर बंद हुआ। बीएसई का सेंसेक्स भी 655.04 अंक जोड़ कर 73,651.35 के स्तर पर पहुँच गया, इसमें भी 0.90% की तेजी दर्ज की गयी।

एशिया के प्रमुख बाजार में आज भी मिलाजुला रुख देखने को मिल रहा है। जापान के निक्केई में जहाँ 604.22 अंकों की गिरावट है और ये 1.52% के नुकसान के साथ कारोबार कर रहा है। हॉन्ग कॉन्ग के हेंग सेंग में आज अवकाश की वजह से कारोबार बंद है। वहीं, दक्षिण कोरिया के कोस्पी में आज 8.33 अंकों की तेजी है और ये 0.30% जोड़ कर कारोबार कर रहा है। शंघाई कंपोजिट में 34.85 अंकों की बढ़त है और ये 1.15% की उछाल के साथ कारोबार कर रहा है।

सभी प्रमुख यूरोपीय बाजार में गुरुवार (28 मार्च) को तेजी के साथ कारोबार हुआ था। लंदन के एफटीएसई 100 (FTSE 100) में 20.64 अंकों की बढ़त आयी और यह 0.26% जोड़ कर 7,952.62 के स्तर पर बंद हुआ। पेरिस का बेंचमार्क इंडेक्स कैक 40 (CAC 40) सपाट रहा, इसमें 1.00 अंकों की तेजी आयी और यह 8,205.81 के स्तर पर बंद हुआ। फ्रैंकफर्ट के डैक्स 30 (DAX30) ने 15.40 अंक जोड़े और ये 0.08% की तेजी के साथ 18,492.49 के स्तर पर बंद हुआ।

अमेरिका के प्रमुख बाजार में गुरुवार (28 मार्च) को मिलाजुला रुख देखने को मिला था। डॉव जोंस में जहाँ 47.29 अंकों की तेजी रही और यह 0.12% की उछाल के साथ 39,807.37 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डैक कंपोजिट में 0.12% या 20.06 अंकों की नरमी देखने को मिली और यह 16,379.46 के स्तर पर बंद हुआ। हालाँकि एसऐंडपी 500 05.86 अंक या 0.11% जोड़ कर 5,254.35 के स्तर पर बंद हुआ।

(शेयर मंथन, 01 अप्रैल 2024)

(आप भी किसी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)