हफ्ते के दूसरे दिन भी बाजार में गिरावट, निफ्टी 140,सेंसेक्स 383 अंक गिर कर बंद

अमेरिकी बाजार में तेजी का दौर जारी है। डाओ जोंस 175 अंक उछलकर दिन की ऊंचाई पर बंद हुआ। नैस्डैक पर 200 अंकों की तेजी देखी गई। फेड सदस्यों ने महंगाई दर में गिरावट का भरोसा जताया। यूरोप के बाजारों में मजबूत कारोबार देखा गया।

 गिफ्ट निफ्टी की करीब 80 अंकों की मजबूती के साथ शुरुआत हुई। वैश्विक बाजारों से मिले संकेतों के आधार पर भारतीय बाजार की मजबूत शुरुआत हुई। हालाकि यह शुरुआती तेजी ज्यादा देर तक टिकी नहीं और बाजार ऊपरी स्तर से फिसल गया। ज्यादा देर तक बाजार में उतार-चढ़ाव वाला कारोबार देखने को मिला। बाजार में मुनाफावसूली का दबाव देखने को मिला। आज के कारोबार में बैंकिंग, मेटल, तेल-गैस, रियल्टी और पावर शेयरों में भारी बिकवाली देखी गई। एफएमसीजी और आईटी को छोड़ सभी सेक्टर में बिकवाली देखने को मिली। फार्मा और ऑटो शेयरों में भी भारी बिकवाली देखी गई।

सेंसेक्स ने 73,259 का निचला स्तर छुआ तो वहीं 74,027 का ऊपरी स्तर छुआ। निफ्टी ने 22,232 का निचला स्तर तो 22499 का ऊपरी स्तर छुआ। निफ्टी बैंक ने 48,214 का निचला स्तर छुआ तो वहीं 49,023 का ऊपरी स्तर छुआ। सेंसेक्स 0.52% या 383 अंक गिर कर 73,512 पर बंद हुआ। निफ्टी 0.62% या 140 अंक गिर कर 22,302 पर बंद हुआ। बैंक निफ्टी 1.25% या 610 अंक गिर कर 48,285 पर बंद हुआ। निफ्टी ऊपरी स्तर से 200 अंक फिसलकर बंद हुआ। सेंसेक्स ऊपरी स्तर से करीब 500 अंक फिसलकर बंद हुआ। निफ्टी बैंक ऊपरी स्तर से करीब 700 अंक फिसलकर बंद हुआ। निफ्टी स्मॉलकैप 320 अंक गिर कर बंद हुआ। वहीं निफ्टी मिडकैप में करीब 1000 अंकों का भारी नुकसान देखने को मिला। 

निफ्टी के गिरने वाले शेयरों में बजाज ऑटो रहा जिसमें 4.1% की कमजोरी की गिरावट देखी गई। पावर ग्रिड का शेयर 3.54% नुकसान के साथ बंद हुआ। नोवेलिस के कमजोर नतीजों का असर हिन्डाल्को पर दिखा और शेयर 3% और टाटा मोटर्स 2.90% तक के नुकसान के साथ बंद हुए। निफ्टी में आज एफएमसीजी इंडेक्स में बढ़िया खरीदारी दिखी। किसी कारोबारी सत्र के दौरान 1 जुलाई 2022 के बाद सबसे ज्यादा एफएमसीजी इंडेक्स में तेजी दिखी। निफ्टी के चढ़ने वाले शेयरों में ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज रहा जिसमें 2.4% का उछाल दिखा। वहीं एचयूएल (HUL) 5% और नेस्ले 2% की बढ़त के साथ बंद हुआ। इसके अलावा टेक महिंद्रा में 1.80% की बढ़त देखने को मिली।

आज के कारोबार में एफएमसीजी शेयरों में मैरिको फोकस में रहा जिसमें 10% का शानदार उछाल दिखा। इसके अलावा टीटागढ़ रेल सिस्टम में 5% की तेजी दिखी। इसकी वजह मॉर्गन स्टैनली की ओर से ओवरवेट रेटिंग के साथ कंपनी के कवरेज की शुरुआत करना रहा। वहीं कमजोर नतीजों से ग्रेफाइट इंडिया 5% की कमजोरी के साथ बंद हुआ। एमआरपीएल (MRPL) 6% के नुकसान के साथ बंद हुआ। जिन शेयरों में बड़ी खरीदारी देखने को मिली उसमें ज्योति लैब रहा जिसमें 10% तक की बढ़त दिखी। अरविंद लिमिटेड भी 7.6% तक के उछाल के साथ बंद हुआ। अच्छे नतीजों से गोदरेज कंज्यूमर 5.5% और सीजी पावर 4.4% तक की मजबूती के साथ बंद हुआ। जिन शेयरों में बिकवाली देखने को मिली उसमें रेनबो चिल्ड्रेन रहा जिसमें 8.40%, कमजोर नतीजों से एसआरएफ (SRF) 7%, शोभा लिमिटेड 6.50% और सिएट 6.30% के नुकसान के साथ बंद हुआ।

(शेयर मंथन, 07 मई 2024)