सेंसेक्स (Sensex) को 807 अंक की जोरदार चपत, निफ्टी 7000 के भी नीचे

भारतीय शेयर बाजार में इस हफ्ते की शुरुआत से ही चली आ रही कमजोरी गुरुवार को विकराल हो गयी और बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुआ।

बीएसई सेंसेक्स (Sensex) सीधे 807.07 अंक (3.40%) लुढ़क गया और 22,951.83 पर बंद हुआ। इसका दिन का ऊपरी स्तर 23,758.46 का रहा, जबकि नीचे की ओर यह 22,909.12 तक फिसला और उसके पास ही बंद हुआ। एनएसई का निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 239.35 अंक (3.32%) की जबरदस्त गिरावट के साथ 6,976.35 पर बंद हुआ। सत्र के मध्य में यह 7,208.65 तक ऊपर चढ़ा। दूसरी ओर इसका दिन का निचला स्तर 6,959.95 रहा।

छोटे-मॅंझोले शेयरों में भी जोरदार बिकवाली नजर आयी। बीएसई मिडकैप में 3.27% और बीएसई स्मॉल कैप में 4.64% की भारी कमजोरी आयी। निफ्टी मिडकैप 100 में 3.68% और निफ्टी स्मॉल 100 में 5.41% की गिरावट आयी।
सेंसेक्स के दिग्गज शेयरों में अदाणी पोर्ट्स में 6.94%, बीएचईएल में 6.01%, टाटा मोटर्स में 5.55%, ओएनजीसी में 5.23%, महिंद्रा ऐंड महिंद्रा में 4.93% और टाटा स्टील में 4.52% की गिरावट आयी। दूसरी ओर सिप्ला में 0.40% और डॉ. रेड्डीज में मात्र 0.01% की बढ़त दिखी। निफ्टी 50 के 50 दिग्गज शेयरों में से केवल 3 शेयर ही हरे निशान पर रहे, बाकी 47 शेयर लाल निशान पर रहे। (शेयर मंथन, 11 फरवरी 2016)