शुक्रवार 01 दिसंबर : बड़ी कारोबारी सुर्खियाँ (Top Business News)

रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) के अध्यक्ष मुकेश अम्बानी (Mukesh Ambani) ने नयी दिल्ली में आयोजित एक समिट को संबोधित करते हुए कहा कि साल 2024 तक भारतीय अर्थव्यवस्था दोगुनी होकर 5,000 अरब डॉलर की हो जायेगी।

देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) की नवंबर महीने की बिक्री साल-दर-साल 14.1% की बढ़त के साथ 1,54,600 इकाई रही है। नवंबर 2016 में कंपनी ने 1,35,550 कारें बेची थीं।
हिन्दूजा समूह की कंपनी अशोक लेलैंड (Ashok Leyland) की बिक्री नवंबर महीने में 51% बढ़कर 14,460 इकाई रही। पिछले साल के समान महीने में कंपनी ने 9,574 वाहन बेचे थे।
अनिल अम्बानी (Anil Ambani) के नेतृत्व वाला रिलायंस समूह कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी (Abhishek Manu Singhvi) के खिलाफ 5,000 करोड़ रुपये का मानहानि का मामला दर्ज करेगा। समूह के मुताबिक सिंघवी ने समूह के खिलाफ झूठा, अपमानजनक और निन्दनीय बयान दिया है।

जापानी कार निर्माता कंपनी निसान (Nissan) ने इंटरनेशनल आर्बिट्रेशन (International arbitration) में भारत के विरुद्ध 5000 करोड़ रुपये का मुकदमा दर्ज कराया है।
नवंबर में महिन्द्रा ऐंड महिन्द्रा (Mahindra & Mahindra) की बिक्री में साल-दर-साल 18% वृद्धि दर्ज की गयी है। कंपनी ने पिछले साल नवंबर में बेचे गये 32,564 वाहनों के मुकाबले इस बार 38,570 वाहन बेचे हैं।
नवंबर में एस्कॉर्ट्स (Escorts) की ट्रैक्टर बिक्री में साल-दर-साल 6.5% की बढ़त दर्ज की गयी है। पिछले साल नवंबर में बेचे गये 4,806 ट्रैक्टरों के मुकाबले कंपनी ने बीते महीने कुल 5,119 ट्रैक्टर बेचे।
अतुल ऑटो (Atul Auto) ने नवंबर 2016 के 3,450 वाहनों के मुकाबले नवंबर 2017 में 3,555 वाहन बेचे हैं।
नवंबर 2016 के मुकाबले 2017 की समान अवधि में बजाज ऑटो (Bajaj Auto) के वाहनों की कुल बिक्री में 21% बढ़त हुई है और इसने इस दौरान 3,26,458 इकाइयाँ बेची हैं।
एसएमएल इसुजु (SML Isuzu) के वाहनों की कुल बिक्री में नवंबर में साल-दर-साल 6.6% वृद्धि दर्ज की गयी है। कंपनी ने बीते महीने 681 वाहन बेचे।
कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 316.41 अंक या 0.95% की कमजोरी के साथ 32,832.94 अंकों पर बंद हुआ। एनएसई का निफ्टी (Nifty) 104.75 अंक या 1.02% की कमजोरी के साथ 10,121.80 अंकों पर रहा। (शेयर मंथन, 01 दिसंबर 2017)