पूर्वोत्तर राज्यों और पश्चिम बंगाल में बारिश की उम्मीद, दिल्ली में रहेगी गर्मी बरकरार - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता स्काईमेट (Skymet) के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरी कोंकण और गुजरात तट के कुछ और हिस्सों में वर्षा की गतिविधि में वृद्धि होगी।

पश्चिमी तट और गुजरात तट में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर राज्यों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में मध्यम बारिश की उम्मीद है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, दक्षिण गुजरात, दक्षिण-पूर्व राजस्थान, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और गंगीय पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों में बारिश बढ़ेगी। झारखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तरी पहाड़ियों पर हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली में मौसम कुछ बादलों के साथ शुष्क और गर्म रहेगा।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी तट, विदर्भ और तेलंगाना के कुछ हिस्सों पर भारी बारिश हुई। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, पूर्वी उत्तर प्रदेश, तटीय पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक दो स्थानो पर भारी बारिश भी हुई। राजस्थान, उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गयी। उत्तरी पहाड़ियों में भी हल्की बारिश रही। राजस्थान, उत्तर मध्य प्रदेश, पश्चिम उत्तर प्रदेश और पश्चिम हरियाणा के हिस्सों में लू की स्थिति प्रचलित है। दिल्ली में भी मौसम बहुत गर्म रहा।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू और कश्मीर पर बना हुआ है। एक चक्रवाती सिस्टम उत्तरी पाकिस्तान पर बना हुआ है। एक और चक्रवाती सिस्टम पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर देखा जा सकता है। एक ट्रफ रेखा इस सिस्टम से उप हिमालय पश्चिम बंगाल तक बनी हुई है। एक चक्रवाती सिस्टम अरुणाचल प्रदेश पर बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा उत्तरी बिहार से उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। गुजरात तट से केरल तट तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। (शेयर मंथन, 23 जून 2018)