बाजार में लगातार चौथे दिन तेजी, निफ्टी 34, सेंसेक्स 114 अंक चढ़ कर बंद

वैश्विक बाजारों से अच्छे संकेत देखने को मिले। मंगलवार का दिन अमेरिकी बाजार के लिए अच्छा साबित हुआ। डाओ जोंस में लगातार चौथे दिन बढ़त देखी गई।

 डाओ जोंस 260 अंक उछलकर बंद हुआ। S&P 500 और नैस्डैक पर दूसरे दिन तेजी देखी गई। यूरोप के बाजार में अच्छा कारोबार दिखा। गिफ्ट निफ्टी की करीब 80 अंकों की तेजी के साथ शुरुआत हुई। वैश्विक बाजारों से मिले संकेतों के आधार पर भारतीय बाजार की मजबूत शुरुआत हुई।

सेंसेक्स ने 73,788 का निचला स्तर छुआ तो वहीं 74,121 का ऊपरी स्तर छुआ। निफ्टी ने 22,384 का निचला स्तर तो 22,476 का ऊपरी स्तर छुआ। निफ्टी बैंक ने 48,029 का निचला स्तर छुआ तो वहीं 48,246 का ऊपरी स्तर छुआ। सेंसेक्स 0.16% या 114 अंक चढ़ कर 73,853 पर बंद हुआ। निफ्टी 0.15% या 34 अंक चढ़ कर 22,402 पर बंद हुआ। बैंक निफ्टी 0.46% या 218 अंक चढ़ कर 48,189 पर बंद हुआ। निफ्टी ऊपरी स्तर से करीब 70 अंक फिसला। सेंसेक्स ऊपरी स्तर से करीब 270 अंक फिसला। निफ्टी बैंक ऊपरी स्तर से करीब 60 अंक फिसला। निफ्टी मिडकैप ने आज कारोबार के दौरान 50,000 का स्तर छुआ।

आज के कारोबार में मेटल शेयरों में बढ़िया खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी के चढ़ने वाले शेयरों में हिन्डाल्को 4%, जेएस डब्लू स्टील 3.7% और टाटा स्टील 2.70% तक की मजबूती के साथ बंद हुए। वहीं सिप्ला में 4% तक की बढ़त देखी गई। निफ्टी के गिरने वाले शेयरों में टाटा कंज्यूमर रहा जिसमें कमजोर नतीजों से शेयर में 5.30% तक का नुकसान देखने को मिला। वहीं ग्रासिम इंडस्ट्रीज 1.40%, टेक महिंद्रा 1.30% और बजाज ऑटो 1.20% तक के नुकसान के साथ बंद हुए।

वहीं आज के बाजार में नतीजों के दम पर जिन शेयरों में एक्शन दिखा उसमें चेन्नई पेट्रोलियम रहा जिसमें मजबूत नतीजों से 16% का बड़ा उछाल देखने को मिला। यूनाइटेड ब्रुवरीज के शेयर में 10% तक की तेजी देखी गई। इसकी वजह हेनकेन की मजबूत बिक्री रही। वहीं टाटा एलेक्सी के कमजोर नतीजों से शेयर में 5% की कमजोरी देखने को मिली। नतीजा मजबूत होने के बावजूद अनुमान से कम रहने के कारण एमसीएक्स (MCX) में 5% का नुकसान देखने को मिला।

जिन शेयरों में बड़ी खरीदारी देखने को मिली उसमें एजिस लॉजिस्टिक्स रहा जिसमें 12% तक का शानदार उछाल देखने को मिला। वहीं एमआरपीएल (MRPL) 11% तक की मजबूती के साथ बंद हुआ। सेल (SAIL) में 9% तक का बड़ा उछाल देखने को मिला। लिंडे इंडिया 8% तक की बढ़त के साथ बंद हुआ। जिन शेयरों में बिकवाली देखने को मिली उसमें वोडाफोन आइडिया रहा उसमें 9.2% तक की कमजोरी देखी गई। वहीं कमजोर नतीजों से हुतामाकी इंडिया में 8% तक का नुकसान देखने को मिला। इसके अलावा ट्रांसफॉर्मर ऐंड रेक्टिफायर्स 5% और एस्टर डीएम हेल्थकेयर 4% तक की कमजोरी के साथ बंद हुआ।

(शेयर मंथन, 24 अप्रैल 2024)